सडक़ बिजली पानी की व्यवस्थाएँ दुरुस्त करने कलेक्टर ने दिए आदेश
जबलपुर (जयलोक)। मदन महल पहाड़ी पर एक बार फिर जिला प्रशासन अतिक्रमणों पर कार्रवाही करने जा रहा है। दस साल पूर्व हाईकोर्ट के आदेश के बाद मदन महल पहाड़ी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाही की गई थी। समय समय पर यह कार्रवाही जारी रही। लेकिन हर बार अतिक्रमणकारी दोबारा यहां आकर अपने मकान बनाकर रहने लगे थे। जिसमें मदन महल पहाड़ी से सैकड़ों अतिक्रमणों का हटाकर यहां कुछ जमीन पर फैसिंग कर पौधारोपण किया गया था। लेकिन इसके बाद पलटकर प्रशासन ने यहां की जमीन को नहीं देखा। जिन लोगों के अतिक्रमण यहां से हटाए गए थे उनमें से कुछ लोग फिर यहां आकर रहने लगे। देखते ही देखते कुछ सालों में 18 सौ अतिक्रमण बना लिए गए। लेकिन अब जिला प्रशासन फिर 25 फरवरी को मदन महल पहाड़ी में जमें अतिक्रमणों को अलग करने की कार्रवाही करेगा।
तेवर किया जाएगा शिफ्ट
जिन लोगों ने अपने मकान मदन महल पहाड़ी पर बना लिए हैं उन लोगों के अतिक्रमणों को तोड़ा जाएगा और इसके बाद इन्हें तेवर विस्थापित किया जाएगा। यहां से विस्थापित किए जाने वाले लोगों के लिए प्रशासन ने तेवर में 450 फीट भूखंड का आवंटन किया है। जिला प्रशासन नगर निगम की मदद से यहाँ की जमीन को समतल करने के अलावा सडक़, नाली, पानी की व्यवस्था भी कर रही है। यहां बिजली के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं। ताकि विस्थापितों को यहां रहने में परेशानी ना हो।
बैठक में हुई चर्चा
शुक्रवार को कलेक्टर दीपक सक्सेना ने बैठक में अधिकारियों को इस विषय में आदेशित भी किया है। कलेक्टर श्री सक्सेना ने बैठक में कहा कि हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार मदन महल पहाड़ी में रहने वाले लोगों के पुर्नवास के लिए शीघ्रता से इंतजाम किए जाएं। पुर्नवास के लिए प्लॉट का आवंटन लॉटरी सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुर्नवास किए जाने वाले लोगों से बैठक कर इस संबंध में जानकारी दें।
18 सौ अतिक्रमण बने दस सालों में
दस सालों में रह-रहकर की जा रही इस कार्रवाही में अब तक सैंकड़ों अतिक्रमणों को यहां से हटाया जा चुका है। वर्ष 2022 में बड़ी संख्या में जिला प्रशासन ने यहां से अतिक्रमण अलग किए थे। लेकिन प्रशासन की कार्रवाही ठंडी पडऩे के बाद फिर यहां मकान बने हुए दिखाई देने लगे। मदन महल पहाड़ी पर अभी करीब 18 सौ अतिक्रमण होने की बात सामने आ रही है। इन सभी पर 25 फरवरी से कार्रवाही शुरू की जाएगी।
लॉटरी के माध्यम से होगा प्लॉट का आवंटन
कलेक्टर ने बैठक में कहा है कि तेवर में विस्थापित किए जाने वाले लोगों के लिए लॉटरी के माध्यम से प्लॉट का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रथम फेस में 50 परिवारों को शिफ्ट किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पुर्नवास किया जा रहा है, उन्हें एक सप्ताह तक फुड पैकेट दिया जाए। साथ ही तात्कालिक रूप से बांस-बल्ली व मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कार्रवाही ठंडी होने से फिर जम रहे अतिक्रमण
दस साल पूर्व हाईकोर्ट के आदेश के बाद कई बार यहां कार्रवाही की गई। लेकिन हर बार कार्रवाही के बाद अतिक्रमणकारी दोबारा यहां अपने अपने मकान बना लेते हैं। जिससे प्रशासन को यहां से अतिक्रमण हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। 2022 में हुई कार्रवाही के बाद यहां काफी हंगामा भी हुआ था। अतिक्रमणकारी जहां इस कार्रवाही का विरोध कर रहे थे तो वहीं प्रशासन अपनी कार्रवाही पर अड़ा हुआ था।
