
जबलपुर (जयलोक)। 8 फरवरी को रांझी में कार चालक की चाकू मारकर हत्या करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि हत्या वाहनों में टक्कर के बाद हुए विवाद में की गई थी। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त मोटर साइकिल तथा चार मोबाईल भी जप्त कर लिए गए हैं।
रांझी में 8 फरवरी की रात को एक घायल व्यक्ति को रांझी के अस्पताल मेंं लाये जाने की सूचना पर पहुँची पुलिस को ज्ञात हुआ कि एकांश साहू निवासी सब्जी मंडी अधारताल को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चाकू से हमलाकर सीना और पेट में चोट पहुंचा दी थी। जिसे डाक्टर ने चैक कर मृत घोषित कर दिया।

मौके पर उपस्थित समीर यादव ने बताया कि रात 11-30 बजे उसे मोहित ने सूचना दी कि लक्ष्मी मंदिर मेन रोड गोकलपुर में एकांश साहू की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है तो वह गोकलपुर लक्ष्मी मंदिर के पास आया उसी समय विजय सिंह भी आ गया। वहां पर एकांश साहू मिला जहां पर हम तीनों तथा और भी आसपास के लोग आ गये थे उसने देखा कि एक मोटर सायकल वाले ने एकांश की गाड़ी पर ठोकर मार दी थी मोटर सायकल के चालक के अन्य साथियों ने मिलकर एकांश साहू से विवाद किया। युवकों ने दोनों पक्षों को समझाया उसके बाद तीनों लोग बोले कि हम रांझी अस्पताल जाकर पट्टी करा लेगें और लक्ष्मी मंदिर के पास चले गये। थोड़ी देर बाद उन लोगों ने एकांश साहू के साथ एक्सीडेंट की बात को लेकर लड़ाई झगड़ा करते हुये एकांश साहू के सीना एवं पेट में चाकू से हमलाकर चोट पहुँचा दी तथा सभी लक्ष्मी मंदिर मेन रोड़ रांझी से भाग गये।
गठित टीम द्वारा घटना स्थल के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गये, काले रंग की स्पेलेंडर मोटर साईकिल क्रमांक एमपी 20 केएम 0511 के रजिस्ट्रर्ड वाहन स्वामी संजय सिंह ठाकुर से पूछताछ की गयी जिसने वाहन को शिवम बाजपेयी को बेचना बताया।

पतासाजी करते हुये सूचना पर विजय नगर जीरो डिग्री में दबिश देते हुये शिवम बाजपेयी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। जिसने अपने साथी सुधीर चौधरी, अकिंत चौरसिया, सुमित चौधरी, जय बेन, छोटू ठाकुर व एक अन्य साथी के साथ मिलकर घटना करना स्वीकार किया। आरोपी सुधीर चौधरी को अमखेरा, अंकित चौरसिया को घमापुर व सुमित चौधरी को विजय नगर से अभिरक्षा में लेकर थाना लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ पर पाया गया कि घटना दिनांक को गोकलपुर में काले रंग की कार से एक्सीडेंट होने पर कार चालक (मृतक एकांश साहू) से शिवम बाजपेई का विवाद होने पर फोन कर सुधीर चौधरी, अकिंत चौरसिया, कमलेश महोबिया, सुमित चौधरी, जय बेन छोटू ठाकुर व एक अन्य साथ गोकलपुर बुलाया तथा सभी के साथ मिलकर कार चालक के साथ मारपीट की। कमलेश महोबिया व छोटू ठाकुर कार चालक पर चाकूओं से हमला कर चोटें पहुंचा दी तथा सभी मोटर साईकिलों पर बैठकर भाग गये।

आरोपियों की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त मोटर सायकिल, बाचतीच मे उपयोग किये गये 4 मोबाईल जप्त करते हुये चारों आरोपियों को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण के अन्य आरोपी कमलेश, जय बेन, छोटू ठाकुर व एक अन्य साथी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
Author: Jai Lok






