
कांग्रेस, सपा समेत कई दलों के सांसदों ने लगाए नारे, शाह से जवाब की माँग
नई दिल्ली (जयलोक)। संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद परिसर में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। संसद भवन के मकर द्वार के निकट एकत्र विपक्षी सांसदों ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) से जुड़े छात्र आंदोलनों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान सांसद हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्षी सदस्यों ने चंदा चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में, चंदा चोर, गद्दी छोड़ और अमित शाह जवाब दो जैसे नारे लगाए। उनका आरोप था कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। विपक्षी सांसदों ने इस दौरान विभिन्न राज्यों में नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग किया गया और इस पूरे मामले पर केंद्र सरकार तथा गृह मंत्री अमित शाह को संसद में जवाब देना चाहिए। गौरतलब है कि संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष लगातार नीट विवाद, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार को घेर रहा है। इन मुद्दों पर सदन के भीतर और बाहर विरोध-प्रदर्शन के कारण संसदीय कार्यवाही भी लगातार प्रभावित हो रही है।
Author: Jai Lok






