
जबलपुर (जय लोक)। प्रदेश की सबसे बड़ी संस्कार कांवड़ यात्रा में आज एक लाख से अधिक कावडिय़ों का सैलाब उमड़ पड़ा। कावडिय़ों ने कावड़ में एक ओर जहां नर्मदा जल रखा वहीं दूसरे में उन्होंने देववृक्ष भी रखे। नर्मदा के पावन तट गौरीघाट से सुबह 6 बजे से इस विशाल कावडय़ात्रा की शुरूआत हुई जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई 35 किमी का लंबा रास्ता तय कर खमरिया के आगे मटामर के कैलाशधाम पहुँची। संस्कार कांवड़ यात्रा में आस्था का विशाल सैलाब उमड़ा।
यह पहला अवसर है जब आज आयोजित हुई कावड़ यात्रा में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा प्रदेश कांगे्रस के अध्यक्ष जीतू पटवारी भी सम्मिलित हुए। मां नर्मदा के पवित्र जल को लेकर हजारों कांवड़ यात्री भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के संकल्प के साथ यात्रा पर निकले, यात्रा का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जहां तक नजर जाती है, वहां तक कांवड़ ही कांवड़ दिखाई दे रही हैं। इतनी विशाल कांवड़ यात्रा मैंने पहले कभी नहीं देखी। ऐसा लग रहा है मानो आस्था का सैलाब समुद्र की लहरों की तरह आगे बढ़ रहा हो।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांवड़ यात्री अपनी भक्ति, साधना और संकल्प के बल पर मां नर्मदा का जल लेकर निकले हैं। मां नर्मदा भी अपने जल के साथ शिव-शक्ति की आराधना के इस संकल्प को पूरा कराने के लिए अपने भक्तों के साथ कांवड़ के रूप में समाहित हैं। सावन के पावन महीने में मां नर्मदा की नगरी संस्कारधानी जबलपुर से भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करने के लिए यह यात्रा निकली है।

दादा गुरु के साथ मुख्यमंत्री ने उठाई कांवड़
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार के मुखिया के रूप में संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने दादा गुरु के साथ कुछ दूरी तक कांवड़ उठाई और कांवड़ यात्रियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने दादा गुरु सहित संतों का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनकी तपस्या और साधना समाज के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि संतों का जीवन केवल सांसारिक सुखों के लिए नहीं, बल्कि पवित्रता के मार्ग पर चलते हुए परमात्मा तक पहुंचने की प्रेरणा देता है। दादा गुरु ने अपने जीवन में तप और साधना का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह अद्भुत है। उनके संकल्प और आशीर्वाद से सभी के जीवन में मंगल हो, यही प्रार्थना है।

जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु रहे मौजूद
इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक सुशील तिवारी इंदु, विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय, विधायक नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा के दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संदीप रजक, भाजपा के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, पूर्व विधायक नीलेश संस्कार अवस्थी, काँवड़ यात्रा के संयोजक शिव यादव, संस्कार कांवड़ यात्रा अध्यक्ष नीलेश रावल भी मंच पर मौजूद थे।


24 थानों का पुलिस बल रहा तैनात
यात्रा मार्ग पर 300 से अधिक सामाजिक संगठनों ने भव्य पंडाल लगाकर पुष्प वर्षा की। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 24 से अधिक थानों का पुलिस बल तैनात किया गया और प्रशासन ने शहर के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में अवकाश भी घोषित किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भी उठाई कांवड़
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए कल ही शहर में आ चुके थे। उन्होंने कांवड़ भी उठाई और यात्रा में चले। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व विधायक एवं मंत्री तरूण भानोत, विनय सक्सेना, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा तथा ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव के साथ ही बड़ी संख्या में कांगे्रस के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
Author: Jai Lok






