
जबलपुर (जयलोक)।जबलपुर-भोपाल हाईवे के निर्माण को लेकर पाटनवासियों का गुस्सा आज सडक़ों पर दिखाई दे रहा है। सडक़ निर्माण कार्य की माँग को लेकर पाटन के लोगों ने आज पाटन बंद का ऐलान किया। सडक़ पर उतरकर निर्माण कार्य ना होने पर नाराजगी भी जताई है। वहीं प्रशासन की टीम नाराज लोगों को मनाने में जुटी हुई है। पाटन बंद से यहां वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। यहां सिर्फ पाटनवासी ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी इस बंद का समर्थन कर सडक़ों पर उतर आए हैं।

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सडक़ निर्माण को देखते हुए प्रशासन ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है, जिससे रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। बार बार आवेदन और ज्ञापन सौंपने के बाद भी सडक़ निर्माण कार्य की बात आगे नहीं बढ़ पा रही है। जिसके कारण यहां के लोगों को पाटन बंद कर अपना आंदोलन करने मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों के गुस्से को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर उनके गुस्से को शांत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल लोगों ने पाटन को बंद कर दिया है।
पाटन होकर गुजरने वाले भोपाल हाईवे की स्थिति को देखते हुए लोगों में खासा आक्रोश नजर आ रहा है। लोगों की दलील थी कि आठ माह से ओवरब्रिज तैयार नहीं हो सका और न ही आवागमन के लिए उन्हें कोई वैकल्पिक मार्ग दिया जा सका। इससे हो यह रहा है कि आवागमन में दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। एम्बुलेंस फंस रही हैं, वाहनों का जाम लग रहा है, व्यवसाय ठप होते जा रहे हैं।

ये हैं माँगे
पाटन-जबलपुर हैवी ट्रैफिक मार्ग को तत्काल बंद किया जाए। पाटन-जबलपुर फोर लेन सडक़ का निर्माण शीघ्र प्रारंभ किया जाए। पाटन-मनकेंडी मार्ग का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए। किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। किसानों की फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सुनिश्चित की जाए। किसानों को निर्बाध एवं पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए।


Author: Jai Lok






