
खंडवा नगर निगम पर बधियाकरण में घोटाले का आरोप
भोपाल/खंडवा (जयलोक)। मध्य प्रदेश के खंडवा कलेक्ट्रेट में हुई जनसुनवाई आम दिनों जैसी नहीं रही। यहां पानी, बिजली और सडक़ की शिकायतें लेकर आने वाले फरियादियों के बीच एक अनोखा नजारा सबके लिए चर्चा का विषय बन गया। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक उर्फ मुल्लू राठौर एक युवक को कुत्ते का मास्क पहनाकर सीधे अधिकारियों की टेबल तक ले पहुंचे। इस दौरान उन्होंने खंडवा नगर निगम के अधिकारियों पर आवारा कुत्तों के बधियाकरण के नाम पर लाखों रुपये के भ्रष्टाचार करने का आरोप लगा दिया।
डॉगी मास्क पहनाकर खोली भ्रष्टाचार की पोल
मंगलवार दोपहर जनसुनवाई शुरू होते ही कलेक्ट्रेट हॉल में हलचल मच गई। कुत्ते का मास्क पहने एक फरियादी को देखकर पहले तो अधिकारी भी सकपका गए। फिर नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर ने मोर्चा संभाला और कहा कि नगर निगम ने शहर में आवारा कुत्तों के बधियाकरण के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की है। कागजों पर हजारों कुत्तों का ऑपरेशन दिखाकर लाखों का भुगतान कर दिया गया, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। राठौर का आरोप है कि बधियाकरण केंद्र की कार्यप्रणाली में बड़े पैमाने पर अनियमितता हुई है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स का पैसा इस तरह बंदरबांट किया जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। इसी को उजागर करने के लिए उन्होंने प्रतीकात्मक विरोध का सहारा लिया।
पहली बार खुले बरगी बाँध के 9 गेट,देखने के लिए उमड़ रही भीड़, बढ़ रहा नर्मदा नदी का जलस्तर
Author: Jai Lok






