
जबलपुर जयलोक। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत विगत दिवस निकली जा रही कावड़ यात्रा में शामिल कावंडिय़ों के बीच में कुछ ना समझ युवक छर्रे वाली बंदूक (एयर गन ) का प्रदर्शन कर आम नागरिकों को चमकाने और माहौल बिगडऩे का कार्य कर रहे थे। भीम नगर के समीप जैसे ही कावड़ यात्रा पहुंची तभी असामाजिक हरकतें कर रहे कावड़ यात्रा में शामिल युवकों ने एयर गन से कार्क लगाकर पटाखे फोडऩा शुरू किया, जिस कारण लोगों को यह लगा कि हर्ष फायरिंग की जा रही है। जबकि शरारती तत्वों के द्वारा केवल हवा बाजी करने और चमकाने के लिए ऐसा किया जा रहा था।
ग्वारीघाट थाना प्रभारी कन्हैया बघेल स्टाफ के साथ ड्यूटी पर तैनात थे। जैसे ही उन्हें इस बात की जानकारी लगी उन्होंने तत्काल स्टाफ को युवकों को चिन्हित कर समझाइश देने के लिए भेजा। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस से बहस बाजी शुरू कर दी और कुछ पलों के लिए स्थिति तनावपूर्ण बनी। इसके बाद थाना प्रभारी बघेल और स्टाफ ने एयर गन लेकर चल रहे युवक को सख़्ती से समझाइए दी और चेतावनी दी कि अगर तत्काल एयर गन को मौके से नहीं हटाया गया तो उसे जप्त कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस ने जब एयर गन लेकर चल रहे युवक से बंदूक ले ली और उन्हें हिदायत दी तो उस दौरान काफी लोग एकत्रित होकर पुलिस कर्मचारियों से बहसबाजी करने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने दबाव बनाकर पुलिस कर्मचारियों से एयर गन वापस ले ली और उसे नहीं निकालने की बात कहते हुए लेकर चले गए।

इनका कहना है
कावड़ यात्रा के दौरान कुछ युवक एयर गन लेकर यात्रा में शामिल हुए थे। धार्मिक यात्रा में किसी भी प्रकार के शस्त्र का प्रदर्शन भले ही वह एयर गन क्यों ना हो उचित नहीं है इसलिए उन्हें सख्ती के साथ समझाइए दी गई। इसके बाद कावड़ यात्रा शांतिपूर्वक तरीके से आगे रवाना हुई।
कन्हैया बघेल
थाना प्रभारी गौरीघाट

Author: Jai Lok





