
पत्नी के साथ मिलकर कर रहा था अधिवक्ताओं के साथ अवैध वसूली
जबलपुर (जयलोक)। जिला अधिवक्ता संघ के वकीलों ने आज एक युवक की कोर्ट परिसर में जमकर धुनाई कर दी। पकड़े गए युवक के पास से फर्जी आईडी कार्ड भी मिला है जिसमें खुद को अधिवक्ता दर्शाया गया है। पूछताछ में यह भी पता चला कि युवक द्वारा अपनी अधिवक्ता पत्नी के साथ मिलकर अधिवक्ताओं से केस में दबाव बनाने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है।
पकड़े गए युवक का नाम सचिन ताम्रकार बताया जा रहा है जो गढ़ा के ज्योति नगर का रहने वाला है। आज दोपहर को दैनिक कार्य के दौरान वकीलों को युवक की हरकत पर संदेह हुआ। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने अपने पास रखा आईडी कार्ड दिखाया। जाँच के दौरान वकीलों को पता चला कि यह आईडी कार्ड फर्जी है। वकीलों के जवाबों से बचने के लिए सचिन ने यह भी कहा कि उसकी पत्नी वकील है और वह अभी कोर्ट परिसर में ही मौजूद है।

उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन में बेधडक़ प्रवेश करते हुए पकड़ा – अधिवक्ताओं ने उक्त युवक को उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन में बेरोकटोक आते जाते पकड़ा है। पूछताछ में यह पता चला है वह पूर्व में कई बार यहां आ चुका है। दबाव बनाने पर उसने बताया कि उसकी पत्नी कल्पना ताम्रकार के साथ वह कोर्ट आता है। जिसके बाद अधिवक्ताओं का गुस्सा और भडक़ गया और उन्होंने उसकी जमकर धुनाई कर दी।
अनेकों केस में हुआ उपस्थित – अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया है कि पकड़ा गया युवक फर्जी कार्ड बनाकर कई बार केस में उपस्थित हुआ है। पति पत्नी मिलकर कंपनी की सर्वे रिपोर्ट तैयार करते हैं और अधिवक्ताओं से मनमाने तरीके से अवैध राशि वसूल कर रहे हैं। साथ ही राशि न देने पर क्लेम केस में रिपोर्ट तैयार कर केस बिगाडऩे की धमकी देते हैंं।

Author: Jai Lok






