
सांसद विवेक तन्खा ने प्रदेश सरकार के सामने रखा अहम प्रस्ताव
जबलपुर (जयलोक)। राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा ने मध्य प्रदेश सरकार के सामने एक अहम प्रस्ताव रखा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि यदि राज्य सरकार इंदौर के अलावा जबलपुर में भी सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री स्थापित करने पर विचार करती है, तो वे ताइवान के संबंधित अधिकारियों से सीधे संपर्क करवा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह विशेष प्रयास केवल जबलपुर के विकास के लिए ही होगा। विवेक तन्खा का कहना है कि सेमीकंडक्टर एक बेहद उच्च तकनीक और अत्यधिक पूंजी (करीब 5000 करोड़ रुपये से अधिक) वाला उद्योग है।

यदि राज्य सरकार इंदौर की तरह जबलपुर के नाम को भी आधिकारिक तौर पर आगे बढ़ाती है तो वे इसके लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे। वर्तमान में, गुजरात, उत्तर प्रदेश और दक्षिण भारत के राज्य सेमीकंडक्टर रेस में आगे चल रहे हैं। ऐसे में विवेक तन्खा का यह ऑफर मध्य प्रदेश (विशेषकर महाकौशल क्षेत्र) के औद्योगिक विकास के लिए एक बड़ा कदम साबित हो सकता है, बशर्ते राज्य सरकार इस दिशा में सक्रिय कदम उठाए।

जबलपुर की उपेक्षा पर नाराजगी- श्री तन्खा का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में देश के 500 जिलों को एक्सपोर्ट हब बनाने की सूची से जबलपुर को बाहर रखा गया। इस पर श्री तन्खा ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने इसे जबलपुर के खिलाफ एक राजनीतिक और आर्थिक साजिश बताया था। श्री तन्खा लंबे समय से आरोप लगाते आ रहे हैं कि इंदौर, भोपाल और उज्जैन की तुलना में महाकौशल (जबलपुर), विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों के विकास को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।


अंधत्व की अनुभूति के लिए आँखों में पट्टी बांधकर निकली रैली, महापौर की उपस्थिति में हुआ आयोजन
Author: Jai Lok






