
जबलपुर (जय लोक)।उत्तर-मध्य विधानसभा में रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में सेवक की जिज्जी रक्षाबंधन महोत्सव 2026 का आयोजन मदन महल स्थित दद्दा परिसर में संपन्न हुआ। क्षेत्रीय विधायक अभिलाष पाण्डेय के संयोजन में आयोजित इस समारोह में 8500 से अधिक बहनों को सुरक्षा बीमा का अनोखा रक्षा कवच उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने प्रत्येक बहन को पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश देते हुए स्मृति स्वरूप एक-एक पौधा भेंट किया।
विभिन्न बैंकों के अधिकारी रहे उपस्थित, मौके पर हुआ बीमा बहनों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए परिसर में ही विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के विशेष स्टॉल लगाए गए थे। बैंक अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित रहकर बहनों के दस्तावेजों का सत्यापन किया और उन्हें तत्काल सुरक्षा बीमा से आच्छादित किया।
विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने बताया कि जिन बहनों के पास किसी दस्तावेज की कमी रह गई थी, उनका विधिवत पंजीयन कर लिया गया है। शीघ्र ही उनके आवश्यक दस्तावेज मंगवाकर उन्हें भी सुरक्षा बीमा योजना का शत-प्रतिशत लाभ प्रदान किया जाएगा।

उत्सव का उल्लास- चूड़ी, बिंदी, मेहंदी और स्वरुचि भोजन- रक्षाबंधन के इस पावन उत्सव को पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों के लिए कार्यक्रम स्थल पर मेहंदी लगाने, चूड़ी और बिंदी वितरित करने के विशेष काउंटर लगाए गए थे, जहाँ बहनों ने बड़े उत्साह से सहभागिता की। इसके साथ ही कार्यक्रम में पधारीं सभी बहनों एवं आगंतुकों के लिए सुरुचिपूर्ण एवं स्वादिष्ट भोजन की व्यापक व्यवस्था की गई थी।समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने कहा- हम उत्तर-मध्य विधानसभा में 5स्’ विजन—शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा, सुरक्षा और संस्कार को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर संकल्पित हैं। यह वृहद कार्यक्रम हमारे सुरक्षा प्रकल्प का प्रमुख अंग है। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विशाल संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

Author: Jai Lok





