
नई दिल्ली (जयलोक)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की। पोलैंड के पीएम का 16 साल बाद भारत का आगम हुआ है। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-पोलैंड संबंधों की समीक्षा की और व्यापार, रक्षा, तकनीक समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर चर्चा की। टस्क 21 से 23 अक्तूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। टस्क से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत ने दोनों देशों के बीच सहयोग की नई संभावनाएं पैदा की हैं। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में मोदी ने कहा कि ईयू के साथ व्यापार समझौते ने इन अवसरों को और व्यापक बना दिया है। पीएम मोदी ने भारत दौरे पर आए डोनाल्ड टस्क का स्वागत करते हुए 2024 में अपनी पोलैंड यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। इसके बाद पिछले दो वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों को नई गति मिली है। मोदी के मुताबिक, भारत और पोलैंड की दोस्ती केवल कूटनीतिक रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता और संवेदनशीलता की साझा विरासत पर आधारित है।
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भारत ने की थी मदद
प्रधानमंत्री मोदी ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पोलैंड के लोगों को भारत में मिली मदद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जामनगर और कोल्हापुर के शाही परिवारों ने हजारों पोलिश बच्चों और परिवारों को भारत में आश्रय दिया था। पीएम मोदी ने इस ऐतिहासिक घटना को दोनों देशों के बीच मानवीय संबंधों की मजबूत कड़ी बताया।
व्यापार, रक्षा और तकनीक में सहयोग बढ़ाने पर जोर
संयुक्त प्रेस वार्ता से पहले मोदी और टस्क ने हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की। इसमें भारत-पोलैंड संबंधों की समीक्षा की गई और व्यापार, रक्षा, तकनीक समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी हुआ। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त कहने पर गर्व है। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में मोदी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान टस्क ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच हितों का कोई टकराव नहीं है।





