
जयपुर । राजस्थान के दौसा-मनोहरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-148) पर रायसर के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। खाटू श्याम मंदिर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले थे।
खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
हादसा शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रायसर क्षेत्र में हुआ। हाईवे से गुजरते समय अचानक कार का टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सडक़ किनारे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मशक्कत कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया।





