
मशीन छोड़ भागे अवैध खुदाई करने वाले, मशक्कत के बाद ट्राले में लोड कर जप्त की गई मशीन
जबलपुर (जयलोक)। खनिज विभाग द्वारा जिले में नर्मदा, हिरन और गौर नदियों के तटों के साथ-साथ अन्य संवेदनशील इलाकों में खनिज के अवैध उत्खनन, संग्रहण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष चेकिंग व धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत संदिग्ध वाहनों और अवैध स्टॉक की लगातार जाँच की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को मायनिंग विभाग ने कार्रवाही करते हुए तीन पोकलेन मशीनें और तीन हाईवा जप्त किए हैं। मंगलवार को खनिज विभाग ने बरगी के खुर्सी में और गोसलपुर में दबिश देकर अवैध उत्खनन में लगी पोकलेन मशीनें और हाईवा जप्त किए थे। इसके पहले भी मायनिंग विभाग ने मानेगांव में कार्रवाही करते हुए गिट्टी और मुरम से लदे दो वाहनों को पकड़ा था। जिन्हें जप्त कर माढ़ोताल थाने में खड़ा किया गया है। इनके खिलाफ खनिज नियमों के तहत कार्रवाही कर प्रस्ताव तैयार कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। मंगलवार को हुई बरगी क्षेत्र में कार्रवाही से अवैध उत्खनन करने वालों में हडक़ंप मच गया। मायनिंग अधिकारी सतीश मिश्रा का कहना है कि कार्रवाही आगे भी जारी रहेगी। साथ ही शहर के आसपास के क्षेत्रों से गुजरने वाले बड़े वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है। जिन वाहनों को जप्त किया गया है कि उनके मालिकों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है ताकि यह अवैध परिवहन किसके इशारे पर किया जा रहा है उसका पता कर कार्रवाही की जा सके।
वाहन छोड़ भागा चालक- श्री मिश्रा का कहना है कि कार्रवाही के दौरान टीम को देख ऑपरेटर एवं वाहन चालक फरार हो गए। पोकलेन मशीन के मालिक के बारे में भी जानकारी हासिल की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में रात के सन्नाटे में बेरोकटोक अवैध मुरुम, रेत, गिट्टी का परिवहन का गोरखधंधा चल रहा है। इसमें अधिकारियों की मिलीभगत के भी आरोप लगते आ रहे हैं।
आरटीओ पर निर्भर मायनिंग विभाग- कार्रवाही के दो दिनों बाद भी पकड़े गए पोकलेन मशीनों और हाईवा मालिकों का पता नहीं चल सका है। जिसका मुख्य कारण मायनिंग विभाग का आरटीओ पर निर्भर होना है। वाहन का नम्बर पता कर वाहन मालिकों की पहचान करने के लिए मायनिंग विभाग आरटीओ पर निर्भर है। जिसमें खनिज विभाग पत्र लिखकर अपनी औपचारिकता पूरी कर लेता है। पूरी कार्रवाही यहीं तक सीमित रह जाती है। जिससे अवैध परिवहन का खेल जारी रहता है।
बैठक में कलेक्टर ने जारी किए दिशा निर्देश – अवैध खनन और खजिनों के परिवहन में लगे वाहनों पर सख्ती दिखाने के लिए कलेकटर ने सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर दिशा निर्देश दिए हैं। जिसके लिए कार्य योजना भी बनाई गई है। बुधवार को कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बैठक में यातायात सुधारने सहित अवैध उत्खनन को रोकने के लिए रणनीति तैयार की गई।
बैठक में यह भी बताया गया कि बैरिकेडिंग कराने के साथ साथ चौराहों पर दृश्यता में बाधा बनने वाले स्थानों को चिन्हित कर सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।

आजम खां और बेटे अब्दुल्ला को दो पैन कार्ड मामले में मिली जमानत




