Download Our App

Home » Uncategorized » कर्मचारी पेंशन योजना: दिल के अरमां आंसुओं में बह गए

कर्मचारी पेंशन योजना: दिल के अरमां आंसुओं में बह गए

चैतन्य भट्ट
जबलपुर (जय लोक)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के केंद्रीय न्यासी बोर्ड की 19 नवंबर 2026 को आयोजित बैठक समाप्त हो गई और इसके साथ ही इसके लाभार्थी उन लाखों पेंशनरों के न्यूनतम पेंशन 1000 प्रति माह से बढ़ाकर 7500 किए जाने के अरमानों पर भी पानी फिर गया। बैठक में पीएफ  निकासी और रिटायरमेंट नियमों में सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त पूरी राशि निकालने के बजाय मासिक, तिमाही या छमाही किश्तों में राशि निकालने और शेष राशि पर ब्याज मिलते रहने, 90 प्रतिशत निकासी सीमा, 2 महीने की निपटान अवधि जैसे कुछ बदलावों को मंजूरी दी गई। मगर यह सारे परिवर्तन कर्मचारी के अपने जमा पैसे से ही संबंधित हैं।
संगठित क्षेत्र के करोड़ों श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा का सबसे बड़ा आधार कर्मचारी भविष्य निधि संगठन द्वारा संचालित कर्मचारी पेंशन योजना है। जिस योजना को बुढ़ापे की लाठी मानकर लाखों कर्मचारियों ने अपनी पूरी जवानी देश के औद्योगिक और आर्थिक विकास में खपा दी, आज वही योजना अपनी नीतिगत विसंगतियों और कमियों के कारण बुढ़ापे में उनके लिए निराशा का कारण बन गई है। सोचिए, मात्र इसी पेंशन पर बुढ़ापा बिताने पर मजबूर वृद्ध के लिए प्रतिदिन 33 रुपए पर गुजारा करने का विचार मात्र भी कितना अमानवीय है।

इस पेंशन व्यवस्था में और भी तकनीकी खामियाँ हैं, जिनका सीधा खामियाजा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उठाना पड़ रहा है। सबसे बड़ी विसंगति महंगाई भत्ते का अभाव है। जहाँ सरकारी कर्मचारियों की पेंशन में महंगाई के अनुरूप वर्ष में दो बार वृद्धि होती है, वहीं इन पेंशनभोगियों को एक ही स्थिर राशि मिलती है। बढ़ती महंगाई के दौर में इस स्थिर पेंशन की क्रय शक्ति समय के साथ लगभग शून्य हो जाती है।
माननीय सर्वोच्च न्यायालय के स्पष्ट निदेर्शों के बावजूद, वास्तविक वेतन पर उच्च पेंशन का विकल्प चुनने वाले लाखों कर्मचारियों के मामले आज भी लंबित हैं। गणना में अस्पष्टता और मांग पत्र जारी होने में हो रही देरी ने बुजुर्गों की मानसिक और आर्थिक परेशानियों को और बढ़ा दिया है। मृत्यु के पश्चात परिवार को मिलने वाली पेंशन और मूल जमा पूंजी की वापसी न होना भी इस योजना की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करता है।

इस पूरी व्यवस्था का सबसे पीड़ादायक पहलू इसकी न्यूनतम पेंशन राशि है। वर्ष 2014 में सरकार ने न्यूनतम मासिक पेंशन 1,000 तय की थी। एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आज लाखों बुजुर्ग 1,000 से 2,500 के बीच की नाममात्र पेंशन पर गुजारा करने को विवश हैं। सरकारी आंकड़ों को ही देखा जाए तो देश में 2014 से 2026 के बीच उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर कुल महंगाई में लगभग 80 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिससे 2014 के एक रुपए का मूल्य आज घटकर लगभग 55 पैसे ही रह गया है। आज की कमरतोड़ महंगाई में इतनी कम राशि में एक बुजुर्ग के लिए न तो दो वक्त की रोटी संभव है और न ही वृद्धावस्था की अनिवार्य दवाइयों का खर्च।
देश में मुफ्त या रियायती बिजली, महिलाओं व युवाओं को मासिक नकद सहायता, मुफ्त बस यात्रा, मुफ्त राशन, जैसी रेवडिय़ों के बजट की कोई आधिकारिक श्रेणी नहीं है, अलग-अलग रिपोर्टों और संस्थानों के अनुसार इन पर राज्यों की सब्सिडी व नकद ट्रांसफर का सालाना खर्च मोटे तौर पर लगभग 4 लाख करोड़ रुपये है। केंद्र व राज्यों की सब्सिडी और कल्याणकारी योजनाओं का संयुक्त अनुमान लगभग 9 लाख करोड़ रुपये के बीच है।

केंद्र सरकार अपने नियमित अधिकारियों कर्मचारियों की पेंशन पर सालाना लगभग 3 लाख करोड़ रुपए खर्च करती है। राज्यों को भी शामिल किया जाए तो यह आंकड़ा कई गुना ज्यादा बैठता है। वहीं कर्मचारी भविष्य निधि पेंशन पर सितंबर 2026 में अनिवार्य वेतन सीमा 15,000 से बढ़ाकर 25,000 प्रति माह करने की मंजूरी के बाद भी अनुमानित वार्षिक सरकारी खर्च लगभग 11,339 करोड़ और 5 वर्ष का कुल खर्च लगभग 56,696 करोड़ बताया गया है। कोष में जमा कुल राशि 32 लाख करोड़ के लगभग है।
फिलहाल न्यूनतम मासिक पेंशन 1,000 है, जिसे केंद्र सरकार वार्षिक बजट सहायता से पूरा करती है। यदि न्यूनतम पेंशन बढ़ाकर 3,000 प्रति माह भी की जाती है, तो वार्षिक सब्सिडी खर्च में अनुमानित 4,500 करोड़ से 6,000 करोड़ की बढ़ोतरी ही अनुमानित है। मुफ्त रेवड़ी कहीं जाने वाली योजनाओं, जिनमें अक्सर भृष्टाचार और अपात्रों के शामिल होने जैसे आरोप लगते रहते हैं,पर हो रहे खर्च के हिसाब से यह कोई बड़ी राशि नहीं है।
देश के लगभग 82 लाख भविष्य निधि पेंशनभोगी लंबे समय से न्यूनतम पेंशन बढ़ाकर 7,500 प्रति माह करने और इसे महंगाई भत्ते से जोडऩे की मांग कर रहे हैं। यह कोई अनुचित मांग नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त गरिमापूर्ण जीवन जीने के अधिकार का हिस्सा है। सरकार और श्रम मंत्रालय को ‘एक्चुरियल घाटे’ की तकनीकी दलीलों से ऊपर उठकर एक कल्याणकारी दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। इसकी विसंगतियों को दूर कर न्यूनतम पेंशन में सम्मानजनक वृद्धि करना उन लाखों बुजुर्गों के प्रति सच्ची कृतज्ञता होगी, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दिया है।

सरकारी ठेकों में कम बोली पर शिकंजा 30 फीसदी से अधिक छूट पर होगी जाँच

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » कर्मचारी पेंशन योजना: दिल के अरमां आंसुओं में बह गए
error: Content is protected !!