
नई दिल्ली (जयलोक)। दिल्ली-एनसीआर में अब कड़ाके की सर्दी ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है, जिसके साथ ही प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ रहा है। उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। सोमवार को, सर्दी, ओस और प्रदूषण तत्वों के मिश्रण से बनी एक धुंध की चादर ने पूरे शहर को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे दृश्यता कम होने के साथ ही लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हुई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 460 दर्ज किया गया, जो बेहद गंभीर या खतरनाक श्रेणी में आता है। दिल्ली के कई इलाकों में हालात इतने खराब हैं कि एक्यूआई का स्तर 500 से भी ऊपर पहुंच गया है, जैसे सिरिफोर्ट, एनएसयूटी जाफरपुर, आईजीएनओयू मैदान गढ़ी और तलकाटोरा गार्डन। विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रदूषण के बढऩे के पीछे वाहनों से निकलने वाला धुआं एक प्रमुख जि़म्मेदार कारक है।




