
मुंबई। नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी(एसपी) ने सार्वजनिक रूप से विलय की संभावनाओं को खारिज कर दिया हो, लेकिन मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बीजेपी और दोनों एनसीपी गुटों के नेताओं के साथ हुई बातचीत से संकेत मिलता है कि भले ही दरवाजा बंद हो पर उस पर ताला नहीं लगा है।
माना जा रहा है कि बीजेपी शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) को एनडीए और महाराष्ट्र में महायुति में एक अलग चौथे सहयोगी के रूप में शामिल करने के लिए तैयार है। दोनों एनसीपी गुटों के कुछ नेताओं का मानना है कि यह कदम आगे चलकर दोनों दलों के विलय की दिशा में पहला कदम हो सकता है। दिवाली के आसपास शरद पवार के गुट और महाराष्ट्र के बीजेपी नेताओं के बीच कई बैठकें भी हुई हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी को इससे फायदा हो सकता है, क्योंकि अगले महीने संसद के शीतकालीन सत्र में सरकार परिसीमन बिल और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पास कराना चाहती है, जिसके लिए दो-तिहाई बहुमत चाहिए। लोकसभा में एनडीए के पास 320 सांसद हैं, जो बहुमत से 40 कम हैं और राज्यसभा में भी 6 सांसदों की कमी है। शरद पवार के पास लोकसभा में 8 और राज्यसभा में 1 सांसद हैं, जिनके साथ आने से यह अंतर कम होगा। अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी की जमीनी पकड़ कुछ कमजोर हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी चाहती है कि या तो दोनों गुट एक हो जाएं या शरद पवार एनडीए में आ जाएं, जिससे गठबंधन मजबूत रहे। एनसीपी गुटों के बीच भी कुछ दिक्कतें हैं। असली एनसीपी का नाम, चुनाव चिह्न और ज्यादातर विधायक सुनेत्रा पवार के पास हैं, जिससे शरद पवार की पार्टी के पास 10 विधायक हैं का सुनेत्रा पवार की पार्टी में मिलना आसान नहीं होगा। इसके अलावा, सुनेत्रा के बेटे पार्थ पवार के फैसलों को लेकर भी कुछ नेताओं में नाराजगी है।




