
जनगणना और नए परिसीमन में उलझी चुनावी प्रक्रिया
भोपाल (जयलोक)। मध्यप्रदेश में स्थानीय लोकतंत्र की चुनावी प्रक्रिया पर एक बार फिर प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाओं का साया मंडराने लगा है। सहकारी समितियों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने के फैसले के बाद अब पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों की समयसीमा भी खिसकने के आसार हैं। अगले साल मई-जून में प्रस्तावित इन चुनावों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग तैयारियों में जुटा है, लेकिन जनगणना और प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के चलते नया परिसीमन समय पर पूरा होना मुश्किल दिखाई दे रहा है। ऐसे में गांवों से लेकर शहरों तक स्थानीय चुनावों का इंतजार बढ़ सकता है। प्रदेश की 4,536 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के चुनाव एक साल टाल दिए गए हैं। इन समितियों में वर्ष 2018 के बाद से चुनाव नहीं हुए हैं। समितियों के चुनाव लंबित रहने से जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के चुनाव भी अटके हुए हैं। अब पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों पर भी अनिश्चितता के बादल हैं। यानी सहकारिता से लेकर स्थानीय सरकार तक निर्वाचित प्रतिनिधियों के चयन की प्रक्रिया आगे खिसक सकती है।
डेढ़ से दो महीने की प्रक्रिया, उससे पहले लंबा इंतजार
प्रशासनिक इकाइयों के गठन और सीमाओं में संशोधन की अनुमति मिलने के बाद नगरीय विकास एवं आवास विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसमें डेढ़ से दो महीने का समय लगने का अनुमान है। हालांकि यह समय तभी शुरू होगा, जब पुनर्गठन आयोग की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और सीमाओं में बदलाव का रास्ता साफ होगा। इस तरह मई-जून 2027 में चुनाव कराने के लिए सरकार के पास सीमित समय रह गया है। यदि जनगणना और प्रशासनिक पुनर्गठन की प्रक्रिया में देरी होती है तो चुनाव कार्यक्रम प्रभावित होना तय है। सहकारी समितियों के चुनावों की कहानी भी लगातार टलती प्रक्रियाओं की है। वर्ष 2018 में चुनाव होने थे, लेकिन पहले कमल नाथ सरकार की कर्जमाफी, फिर कोरोना महामारी और उसके बाद नगरीय निकाय, पंचायत, विधानसभा चुनाव 2023 तथा लोकसभा चुनाव के कारण प्रक्रिया आगे बढ़ती रही। इसके बाद केंद्र सरकार के निर्देश पर समितियों का विस्तार किया गया।
जनगणना ने रोकी परिसीमन की राह
पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों के समय पर नहीं होने की सबसे बड़ी वजह प्रशासनिक इकाइयों का पुनर्गठन और नया परिसीमन है। सरकार प्रदेश में प्रशासनिक सीमाओं को नए सिरे से व्यवस्थित करना चाहती है। इसके लिए राज्य प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग बनाया गया है। आयोग का काम जारी है, लेकिन अभी संभाग स्तर पर सुनवाई और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें होना बाकी हैं। इसके बाद आयोग अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा। रिपोर्ट के आधार पर दावे-आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी और उनका निराकरण होगा। फिर नई प्रशासनिक इकाइयों का गठन या मौजूदा सीमाओं में संशोधन किया जाएगा। इसके बाद ही पंचायत और नगरीय निकायों का परिसीमन संभव होगा। अड़चन यह है कि जनगणना की प्रक्रिया के चलते प्रशासनिक इकाइयों की सीमाएं फिलहाल फ्रीज हैं। जब तक सीमाओं में बदलाव की अनुमति नहीं मिलती, तब तक पुनर्गठन आयोग की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाएगी। इस कारण चुनाव से पहले की पूरी प्रशासनिक कवायद प्रभावित हो रही है।




