
भोपाल (जयलोक)। आधुनिकता, भौतिक सुख-सुविधाओं और चकाचौंध से भरे आज के दौर में जब धर्म और आध्यात्मिकता के नाम पर बड़े-बड़े आश्रम, मठ-मंदिर, आलीशान भवन और सुविधाओं से युक्त जीवनशैली दिखाई देती है, वहीं तीर्थनगरी ओंकारेश्वर के ओंकार पर्वत की एक गुफा में ऐसे अवधूत महा दिगंबर संत भी विराजमान हैं, जिनका संसार से कोई मोह नहीं है। न किसी से अपेक्षा, न किसी से बातचीत, न किसी प्रकार की सुख-सुविधा और न ही किसी के आने-जाने से कोई सरोकार। प्रकृति की गोद में पूर्ण मौन रहकर अपनी साधना में लीन संत सुखदेव मुनि आज भी वास्तविक वैराग्य और तपस्या की अद्भुत मिसाल बने हुए हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी सरकार के स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग के साथ इन विलक्षण संत के दर्शन और आशीर्वाद लेने ओंकार पर्वत की गुफा तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने काफी पथरीले रास्ते और चट्टानों को पार कर संत के पास पहुंचकर उनके श्रीचरणों में शाल-श्रीफल अर्पित किया। दोनों हाथ जोडक़र मस्तक झुकाया और श्रद्धापूर्वक नमन किया लेकिन संत सुखदेव मुनि ने मुख्यमंत्री की ओर आंख उठाकर भी नहीं देखा। वे अपनी ही साधना और मौन में लीन रहे। मुख्यमंत्री ने भी संत की इस साधना और मौन का सम्मान करते हुए श्रद्धा के साथ उन्हें प्रणाम किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्तिक पूर्णिमा पर लगभग तीन घंटे ओंकारेश्वर में रहे। भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन-पूजन के बाद वे ओंकारेश्वर बांध के नीचे ओंकार पर्वत की परिक्रमा मार्ग पर स्थित उस स्थान पर पहुंचे, जहां वर्षों से संत सुखदेव मुनि प्रकृति के बीच रहकर तप और साधना कर रहे हैं।
9 पुलिस वालों को चाकू मारने वाले को 6 गोलियाँ मारकर काबू किया




