
मण्डला (जयलोक)। जिले में जमीन के मुआवजे के बंटवारे को लेकर पारिवारिक विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। बुधवार को चार बहनें नोटों से भरा थैला लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं और अपनी बहन के पति यानी जीजा से मुआवजे की राशि में 5 लाख रुपए अतिरिक्त दिलाने की मांग की। वहीं दूसरी ओर जीजा ने विक्रमपुर पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक सत्येंद्र पटेल पर 5 लाख रुपए लेने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामला मरवारी गांव का है, जहां भादू सिंह और फुली बाई की छह बेटियां थीं। कोई बेटा नहीं होने के कारण माता-पिता ने बुढ़ापे में सहारे के लिए बेटी मल्ली बाई और उनके पति चूरामन भरिया को अपने साथ रखा था। माता-पिता के निधन के बाद सभी बहनों ने मिलकर अंतिम संस्कार और अन्य पारिवारिक रस्में निभाई थीं। बताया गया कि 16 एकड़ जमीन मल्ली बाई और उनके पति चूरामन के नाम दानपत्र के जरिए दर्ज थी, जिस पर वे खेती कर रहे थे। दरअसल राघौपुर बहुउद्देशीय बांध परियोजना में यह जमीन डूब क्षेत्र में आ गई, जिसके बदले 29 लाख 80 हजार रुपए मुआवजा निर्धारित हुआ। मुआवजे की जानकारी मिलने के बाद चार बहनें अपना हिस्सा मांगने गांव पहुंचीं, लेकिन गांव की पंचायत में आपसी सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद 13 नवंबर को चारों बहनों ने विक्रमपुर पुलिस चौकी में शिकायत की। आरोप है कि शिकायत प्रधान आरक्षक सत्येंद्र पटेल तक पहुंचने के बाद उन्होंने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। इस दौरान 10 लाख रुपए में समझौता होने की बात सामने आई, जिसमें 5 लाख रुपए नकद और शेष 5 लाख रुपए बैंक से लाकर देने की सहमति बनी। वहीं सोमवार को चूरामन भरिया ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की कि प्रधान आरक्षक सत्येंद्र पटेल ने मुआवजे की राशि में से 5 लाख रुपए ले लिए हैं और उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इसके बाद मंगलवार को चारों बहनों ने भी एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को चारों बहनें 5 लाख रुपए नकद लेकर दोबारा एसपी कार्यालय पहुंचीं और अपना पक्ष रखा।
पूरे मामले में एसपी आशीष खरे ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति, ग्राम पंचायत, कलेक्टर कार्यालय अथवा सिविल कोर्ट के माध्यम से विवाद सुलझाने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का काम अपराध से जुड़े मामलों में कार्रवाई करना है। वहीं प्रधान आरक्षक पर पैसे लेने के आरोप को लेकर एसपी ने कहा कि पीडि़तों ने पुलिस में शिकायत की थी, इसलिए संभवत: प्रधान आरक्षक ने मामले में हस्तक्षेप किया हो। फिलहाल जमीन के मुआवजे के बंटवारे और प्रधान आरक्षक पर लगे कथित रिश्वत के आरोपों को लेकर मामला चर्चा में है। अब देखना होगा कि इन आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।





