
दिग्गज नेताओं ने दिखाई एकजुटता और हुआ शक्ति प्रदर्शन
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, अरुण यादव, अजय सिंह, नकुल नाथ समेत 40 से अधिक विधायक हुए शामिल
जबलपुर (जयलोक)। संविधान दिवस पर आज कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च निकाला गया। यह मार्च शहीद स्मारक से प्रारंभ हुआ जिसमें हजारों की संख्या में कांगे्रसियों का सैलाब उमड़ा। इस मार्च में कांग्रेस के प्रदेश के सभी दिग्गज नेता जिनमें प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमर सिंघार, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल तथा नकुलनाथ, सांसद विवेक तन्खा तथा इस मार्च के आयोजन के प्रभारी सज्जन सिंह वर्मा सहित 40 से अधिक प्रदेश के कांगे्रस के विधायक भी इस मार्च में शामिल हुए। कांगे्रस के इस मार्च में 2028 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर प्रदेश कांगे्रस के सभी नेताओं ने आज जबलपुर मार्च के माध्यम से अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। इस मार्च के माध्यम से कांग्रेस ने अपनी शक्ति का भी प्रदर्शन जमकर किया। मार्च के दौरान उमड़े सैलाब को लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेता यह दावा करते रहे कि 2028 के चुनाव में कांगे्रस की वापसी होने जा रही है।
शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त आयोजन में कांगे्रस कमेटी, युवक कांगे्रस, महिला कांगे्रस तथा एनएसयूआई के प्रमुख नेता और कार्यकर्ता भी सम्मिलित हुए। कांग्रेस ने अपने इस मार्च को लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए जनभागीदारी का बड़ा आयोजन बतलाया।
दूर-दूर से आए कांगे्रसी
कांगे्रस के संविधान बचाओ मार्च में भाग लेने के लिए जबलपुर संभाग के सभी जिलों के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में कांगे्रसजन भाग लेने आए। इस रैली में शहरी क्षेत्रों के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी कांग्रेसी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शहर के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी हुए शामिल
कांग्रेस का संविधान बचाओ मार्च शहीद स्मारक गोलबाजार से प्रारंभ हुआ। यह मार्च मालवीय चौक, गंजीपुरा, फुहारा, अंधेरदेव से होकर गांधी प्रतिमा स्थल पर पहुँचा जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। रैली करमचंद चौक से होकर मालवीय चौक पर आकर समाप्त हुई। जबलपुर जिले एवं ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता भी बड़ी संख्या में मार्च में शामिल हुए। कांगे्रस के इस मार्च में विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व विधायक और मंत्री तरुण भानोत, पूर्व विधायक विनय सक्सेना, ग्रामीण कांगे्रस के अध्यक्ष संजय यादव, नगर कांग्रेस के अध्यक्ष सौरभ शर्मा, प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष यश घनघोरिया, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही बड़ी संख्या में शहर के कांगे्रस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

ग्वालियर में उमा भारती की दो टूक कहा किसी की औकात नहीं कि मुझे टिकट दे




