नई दिल्ली/भोपाल,(जय लोक)।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ उनके सांसद पुत्र नकुलनाथ के भाजपा में जाने की अटकलों के बीच में एक और नई जानकारी जुड़ गई है। प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेताओं ने एक जुट होकर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर वरिष्ठ नेताओं को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि मध्य प्रदेश की राजनीति में कमलनाथ को भाजपा के मंच पर नहीं चाहते हैं, अगर किसी प्रकार का कोई समझौता हो रहा है। तो वह केंद्रीय स्तर पर होना चाहिए भविष्य में अगर कोई भूमिका कमलनाथ के लिए भाजपा तय करती है तो वह भी केंद्रीय स्तर पर होनी चाहिए। मध्य प्रदेश में भाजपा का मंच वह कमलनाथ के साथ साझा नहीं करना चाहते। विश्वसनीय सूत्रों के माध्यम से यह जानकारी भी प्राप्त हुई है कि वर्तमान में प्रदेश की राजनीति में मंत्री बनाए गए कई कद्दावर नेता इस विषय को लेकर एकजुट हो गए हैं। इस नए समीकरण के बाद स्थिति बहुत बदल गई है। अब बदले समीकरणों के बीच में कमलनाथ का भाजपा में जाना संभव नजर नहीं आ रहा है।
इसी बीच दिल्ली में मीडिया को दिए बयान में मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री कमलनाथ के सच्चे समर्थक और बेहद करीबी माने जाने वाले सज्जन वर्मा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी कमलनाथ से दिल्ली स्थित उनके बंगले पर चर्चा हुई है और कमलनाथ ने पार्टी छोड़ने के बारे में ऐसा कुछ नहीं सोचा है। यह आज शाम 6:30 के करीब मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री की मीडिया से हुई चर्चा के बाद की स्थिति है। इस लिहाज से तो सारे समीकरण जो पिछले 48 घंटे से सोशल मीडिया से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तक चल रहे थे वे सब झूठ साबित हो जाएंगे।
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री कांग्रेस के नेता सज्जन सिंह वर्मा ने इस बात का खुलासा किया है और कहा है कि कमलनाथ के भाजपा में जाने की बात पूरी तरीके से मीडिया की उपज है वह कहीं नहीं जा रहे हैं। कमलनाथ और नकुलनाथ शनिवार से दिल्ली में है।
कमलनाथ लेंगे संन्यास.. नकुलनाथ थामेंगे कमल
इसी बीच यह खबर भी चर्चाओं में बनी हुई है कि कमलनाथ भाजपा में जाने के बजाय राजनीति से संन्यास ले सकते हैं और उनके सांसद पुत्र नकुल नाथ और बहु प्रियानाथ बीजेपी की सदस्यता ले सकते हैं। इस बारे में नाथ परिवार के किसी भी सदस्य ने अधिकृत रूप से कोई भी बात नहीं की है लेकिन राजनीतिक क्षेत्र में इस बात की अटकलें बहुत तेजी से चल रही है की बेटा बहु भाजपा में जा सकते है।
