Download Our App

Home » Uncategorized » फिजियोथेरेपी के नाम पर नेता को लगाया चूना

फिजियोथेरेपी के नाम पर नेता को लगाया चूना

योगेश अग्रवाल ने अनूप जैन और अंकित राठौर के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

जबलपुर (जयलोक)। दिल्ली से जबलपुर आकर इॅलाज करने वाले एक फिजियोथेरेपिस्ट चिकित्सक पर ठगी करने का आरोप लगाया है। यह आरोप धर्मसेना के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने लगाया है। योगेश अग्रवाल ने इस मामले में ओमती थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। योगेश अग्रवाल का आरोप है कि 17,18 और 19 फरवरी को अनूप जैन और अंकित राठौर ने इंटरनेट मीडिया पर विज्ञापन देकर पीठ और गर्दन के दर्द का सौ प्रतिशत उपचार करने का दावा किया था। लुभावने विज्ञापन को देखकर कई लोग अपना ईलाज कराने इनके पास पहुँचे। वहीं योगेश अग्रवाल ने भी इनसे संपर्क किया। जिसमें योगेश अग्रवाल से थेरेपी के नाम पर दो दो हजार की फीस ले ली। इसके बाद वे लोग जबलपुर से भाग गए। अनूप जैन और अंकित राठौर ने उन्हें इस प्रकार से थेरेपी दी कि उनका दर्द और बढ़ गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की नौबत आ गई। जब इस संबंध में अनूप जैन और अंकित राठौर से फोन पर बात की गई तो दोनों ने अपनी गलती मानते हुए पल्ला झाड़ लिया। जिसके बाद योगेश अग्रवाल ने अन्य चिकित्सक से ईलाज कराया और दोनों डॉक्टरों के खिलाफ ओमती थाने में शिकायत दर्ज कराई।
नकली है डिग्री
योगेश अग्रवाल ने बताया कि अनूप जैन और अंकित राठौर ने जिस डिग्री के नाम पर शिविर लगाया था वह डिग्री फर्जी है। उन्होंने इस डिग्री के बारे में सीएमएचओ संजय मिश्रा से भी बात की थी। जिनसे बात करने पर यह साफ हो गया कि फिजियोथेरेपी के नाम पर ठगी का बड़ा खेल चल रहा है।
तीन और लोग आए सामने
फिजियोथेरेपी चिकित्सा के नाम पर ठगी करने वाले अनूप जैन और अंकित राठौर के खिलाफ तीन और लोग सामने आए हैं। इनमें से ग्वारीघाट निवासी पति पत्नी हैें तो तीसरा रांझी में रहने वाला एक युवक हैं। इन्हें भी अनूप जैन और अंकित राठौर ने दर्द से राहत देने का वादा करते हुए रूपये हड़पे और जबलपुर से भाग गए।
शहरों में लगाते हैं शिविर
योगेश अग्रवाल का कहना है कि अनूप जैन और अंकित राठौर घूम-घूमकर शहरों में शिविर लगाते हैं। जो फिजियोथेरेपी के नाम पर लोगों से लाखों रूपयें ऐंठ कर चंपत हो जाते हैं। हालांकि दोनों ठगबाज का मोबाईल चालू है लेकिन दोनों अब जबलपुर से भाग चुके हैं।
इनका कहना है
अनूप जैन और अंकित राठौर के खिलाफ योगेश अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें फिजियोथेरेपी चिकित्सा के नाम पर ठगी का आरोप लगाया गया है। इस मामले में जाँच की जा रही है।
वीरेन्द्र पवार, ओमती थाना प्रभारी

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » फिजियोथेरेपी के नाम पर नेता को लगाया चूना