
जबलपुर( जय लोक)। पुलिस विभाग के बड़े अधिकारियों की संवेदनशीलता गरीब असहाय लोगों के लिए बहुत बड़ी मदद का कारण बनती है। इस सत्य की अनुभूति गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर चौकी के अधीन आने वाले रामपुर छापर क्षेत्र के एक यादव परिवार ने हाल ही में की है। अपनी लापता बहू और डेढ़ साल के नाती को ढूंढने कोलकाता पहुंचे परिवार को रामपुर पुलिस चौकी के असहयोग के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लेकिन जब रामपुर पुलिस चौकी से सहयोग न मिलने के कारण पीडि़त परिवार को कोलकाता पुलिस की भी मदद नहीं मिल रही थी, तब पीडि़त परिवार की महिला ने वहीं से जबलपुर पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह को फोन लगाया और अपनी पीड़ा व्यक्त की। पुलिस अधीक्षक ने पूरे इत्मीनान के साथ महिला की समस्या सुनी और तत्काल गोरखपुर थाना प्रभारी एमडी नागोतिया को निर्देशित किया कि कोलकाता में फंसे पीडि़त परिवार की मदद सुनिश्चित की जाए और जरूरत पडऩे पर कोलकाता की पुलिस अधिकारियों से चर्चा उन्हें मदद उपलब्ध कराई जाए। पुलिस कप्तान के सक्रिय होते ही अधीनस्थ अमला भी सक्रिय हुआ जिसका परिणाम यह हुआ कि फोन पर बात होने के कुछ घंटे के भीतर ही कोलकाता पुलिस के पीडि़त परिवार को साथ में ले जाकर लापता हुई विवाहिता और उसके डेढ़ साल के बच्चे को बताए गए स्थान से बरामद कर लिया और कार्यवाही उपरांत उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पीडि़त परिवार ने पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Author: Jai Lok







