Download Our App

Home » राजनीति » विश्नोई के ट्विट से राजनीति गर्मायी

विश्नोई के ट्विट से राजनीति गर्मायी

प्रभात साहू ने कहा उन्हें पार्टी फोरम पर अपनी बात करना थी

जबलपुर (जयलोक)
जबलपुर लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में दो दशकों से सक्रिय नेता आशीष दुबे को प्रत्याशी बनाया गया है। उनके प्रत्याशी बनने की घोषणा होते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय विश्नोई ने अपने एक ट्विट में लिखा कि उन्हें अब यह भूलना होगा कि आशीष दुबे ने विधानसभा चुनाव में उनके विरूद्ध काम किया है। अजय विश्नोई के पाटन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ही आशीष दुबे का गांव आता है। आशीष दुबे भी विधानसभा चुनाव में पाटन क्षेत्र से उम्मीदवार बनने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन भाजपा ने अजय विश्नोई को ही दूसरी बार विधानसभा का चुनाव लड़वाया और वे जीते भी। श्री विश्नोई ने आशीष दुबे की लोकसभा की उम्मीदवारी को लेकर जो बयान दिया है उससे राजनीति गर्मा गई है। उनके ट्विट की प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा हो रही है।
अजय विश्नोई के ट्विट को लेकर नगर भाजपा अध्यक्ष प्रभात साहू ने उनके बयान को सार्वजनिक रूप से जारी करने को गलत बताया है और कहा कि वे इसे गलत मानते हैं और यह गंभीर बात है। श्री साहू ने कहा कि आशीष दुबे को लोकसभा का प्रत्याशी बनाए जाने का निर्णय भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा लिया गया है। अजय विश्नोई को यदि कोई शिकायत थी तो उन्हें पार्टी फोरम पर अपनी बात कहना चाहिए थी। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक वरिष्ठ नेता हैं और पार्टी ने अजय विश्नोई को बहुत कुछ दिया है। प्रदेश युवा मोर्चे का अध्यक्ष पद भी उन्हें पार्टी ने दिया। पार्टी ने उन्हें विधायक भी बनाया और मंत्री भी बनाया। वहीं श्री साहू ने यह भी कहा कि लोकसभा के प्रत्याशी बनाए गए आशीष दुबे कभी भी पार्टी के खिलाफ काम नहीं कर सकते। उनको उम्मीदवार बनाए जाने से भाजपा के कार्यकर्ताओं में खुशी छाई हुई है। श्री साहू ने अजय विश्नोई के ट्विट को लेकर कार्यवाही की बात पर कहा कि उनके ट्विट को सभी ने पढ़ा है। पार्टी का प्रदेश और केन्द्रीय नेतृत्व ही कोई निर्णय ले सकता है।
मैनें अजय विश्नोई की पोस्ट नहीं देखी-आशीष दुबे
भाजपा के उम्मीदवार आशीष दुबे ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय विश्नोई द्वारा इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जो पोस्ट की है उसके बारे में आशीष दुबे ने कहा है कि उन्होंने यह पोस्ट नहीं देखी है। वे उम्मीदवार घोषित होने के बाद से  ही व्यस्त हैं और कार्यकर्ताओं से घिरे हुए हैं इसलिए वे अभी किसी तरह की कोई टिप्पणी नहीं कर सकते हैं। भाजपा उम्मीदवार आशीष दुबे को जब यह बतलाया गया है कि अजय विश्नोई ने ट्विट कर अपनी नाखुशी जाहिर की है और यह लिखा है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी का विरोध करने वालों को भूलना होगा और उनके साथ चलने का अभ्यास भी करना होगा। इसके उत्तर में आशीष दुबे ने कहा कि अजय विश्नोई हमारे वरिष्ठ नेता है और व्यक्तिगत रूप से वे और पार्टी के सभी कार्यकर्ता उन्हें बहुत सम्मान भी देते हैं।

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » राजनीति » विश्नोई के ट्विट से राजनीति गर्मायी