
दलित पिछड़े वर्ग से मिले प्रतिनिधित्व कांग्रेस नेताओं ने रखी पर्यवेक्षकों से माँग
जबलपुर (जयलोक) । कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के दौरान पर्यवेक्षक बनकर जबलपुर पहुंचे केन्द्रीय पर्यवेक्षक गुरूदीप सिंह सप्पल, प्रदेश पर्यवेक्षक अजय सिंह राहुल, विधायक पुष्पराज पटेल, एवं विधायक आर.के. दोगने के साथ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं का मिलने का सिलसिला कल भी जारी रहा। कांग्रेस के पर्यवेक्षकों को ये नेता और कार्यकर्ता जबलपुर शहर और जिले में कांग्रेस संगठन की कमजोरियाँ, गुटबाजी तथा दिग्गज नेताओं की मनमानी आदि के बारे में जानकारी दी।
कांग्रेस के कई नेताओं ने यह भी माँग की कि राष्ट्रीय नेता राहुल गाँधी की मंशा के अनुरूप सोशल इंजिनियरिंग के तहत जबलपुर में शहर एवं जिले में दलित एवं पिछड़ा वर्ग से नगर अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष बनाया जाए। यदि इन जातियों से जबलपुर शहर में प्रतिनिधित्व दिया गया तो कांग्रेस पुन: अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा प्राप्त करेगी।

बड़े नेताओं के दबाव में ना हो निर्णय
साथ ही माँग रखी गई की जिसे भी कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाये उसका डी.एन.ए. (राजनैतिक जन्म) कांग्रेसी हो और वह गाँधी की विचारधारा का हो। केन्द्रीय पर्यवेक्षक से चर्चा में कहा गया कि कांग्रेस संगठन मजबूत बनाना है तो जबलपुर शहर के प्रभावशाली नेताओं के प्रभाव में न आकर सिर्फ कांग्रेस हित में निर्णय लेना होगा, नहीं तो राहुल गाँधी द्वारा कांग्रेस मजबूत करने के संगठन सृजन अभियान जो चलाया गया है वह दिखावा साबित न हो, किसी बड़े नेताओं के दबाव में निर्णय नहीं लिये जायें। कांग्रेस नेता विजय कांडा, राजेन्द्र चौधरी, रूपलाल यादव, दीपक सिंह राजपूत, पिंकी ठाकुर आदि ने विशेष चर्चा की।

दिनभर चला चर्चाओं का दौर
कल कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने सर्किट हाउस क्रमांक एक में सुबह से लेकर देर शाम तक कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से लगातार चर्चा की। कल उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र तथा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई। वहीं कांग्रेस के पार्षद, चुनाव हारे हुए उम्मीदवारों से भी पर्यवेक्षकों ने पृथक से चर्चा की।
आज हनुमानताल स्थित बखरी में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री बाबू चंद्रमोहन से उनके निवास में मुलाकात करते हुए केन्द्रीय पर्यवेक्षक गुरप्रीत सिंह सप्पल, वरिष्ठ नेता रमेश चौधरी व कांग्रेसजन।

Author: Jai Lok







