
जबलपुर (जयलोक)। अंजुमन इस्लामिया स्कूल प्रबंधन की मनमानी का एक और कारनामा सामने आया है। पूर्व में जहां स्कूल द्वारा रविवार की छुट्टी रद्द कर शुक्रवार को छुट्टी करने का निर्णय लिया था तो वहीं आज स्कूल प्रबंधन ने महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर पूरे राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के बावजूद, अंजुमन स्कूल और उसकी अन्य शाखाओं को आम दिनों की तरह संचालित किया गया। इस बात की खबर राजनीतिक गलियारों को मिलते ही हलचल मच गई और इसका विरोध शुरू हो गया। जिसके बाद स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस मामले में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मुजम्मिल अली ने स्कूल प्रबंधन की इस मनमानी का खुलकर विरोध किया और जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों से इसकी शिकायत की। शिकायत में बताया गया कि मप्र के सभी स्कूलों में आज महाराणा प्रताप जयंती पर अवकाश है। लेकिन अंजुमन इस्लामिया स्कूल ने फिर शासकीय आदेश की अव्हेलना करते हुए अवकाश के दिन भी स्कूल का संचालन किया। उन्होंने इसे राष्ट्रीय नायकों के अपमान से भी जोडक़र देखा।
स्कूल प्रबंधन का तर्क, वक्फ काननू से चलता है स्कूल – वहीं स्कूल प्रबंधन का कहना है कि स्कूल वक्फ काननू के हिसाब से चलते हैं। संस्था का कहना है कि यह संस्था वक्फ बोर्ड के अंतर्गत आती है, इसलिए वे केवल वक्फ कानून के तहत कैलेंडर में घोषित अनिवार्य अवकाशों का ही पालन करने के लिए बाध्य हैं। प्रबंधन की इस दलील के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर विवाद और ज्यादा गहरा गया। लोगों ने सवाल उठाए कि क्या कोई भी निजी या अल्पसंख्यक संस्थान राज्य सरकार के मुख्य सार्वजनिक अवकाश के नियमों से ऊपर हो सकता है।

घिरते देख स्कूल प्रबंधन ने घोषित किया अवकाश
शासकीय अवकाश के दिन भी स्कूल संचालित किए जाने के मामले में चारों ओर से घिरते देख स्कूल प्रबंधन ने अपना यह निर्णय वापस लेना ही मुनासिब समझा। आनन-फानन में अपनी गलती को सुधारते हुए स्कूल प्रबंधन ने बच्चों के अभिभावकों के मोबाइल पर एक आधिकारिक संदेश भेजा, जिसमें अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए तत्काल प्रभाव से स्कूल में छुट्टी की घोषणा कर दी गई।

इनका कहना है
अंजुमन इस्लामिया स्कूल आज अवकाश के दिन भी संचालित किया जा रहा था। जबकि आज महाराणा प्रताप की जयंती पर भोपाल वक्फ बोर्ड का कार्यालय भी बंद हैं। लेकिन स्कूल प्रबंधन द्वारा शासन के आदेशों की अव्हेलना की जा रही है। जिसकी शिकायत अधिकारियों से की गई और बढ़ते दबाव के बाद स्कूल प्रबंधन ने अपना आदेश वापस लिया और स्कूल में अवकाश घोषित किया।
– मुज्जमिल अली
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष
अंजुमन स्कूल ने आज अवकाश के दिन भी स्कूल संचालित किया है इसकी जानकारी मुझे नहीं हैं।
– सुनवर पटेल


Author: Jai Lok






