
महिला के ऊपर गिरी मालवाहक लिफ्ट, मृतिका के परिजनों ने मचाया हंगामा
जबलपुर (जयलोक)। रिछाई स्थित औद्योगिक क्षेत्र में आज एक बड़ा हादसा हो गया। यहां अनमोल नमकीन फैक्ट्री में सफाई कार्य में लगी महिला के ऊपर मालवाहक लिफ्ट गिरने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कर्मियों की भीड़ लग गई। वहीं सूचना मिलते ही पहुँचे मृतिका के परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने महिला के शव को पीएम के लिए भेजते हुए मामले की जाँच शुरू कर दी है।
हादसा आज सुबह 12 बजे का बताया जा रहा है जब यहां रोज की तरह महिला श्रमिक मालती केवट लिफ्ट के किनारे नमकीन के पैकेट समेट रही थी। इसी बीच लिफ्ट अचानक ही महिला के ऊपर आ गिरी जिससे वह लहुलुहान हो गई। भारीभरकम लिफ्ट महिला पर गिरने से वह झटपटाने लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी बीच हादसे को देखकर अन्य कर्मी महिला को बचाने दौड़े। श्रमिकों ने बड़ी मुश्किल से लिफ्ट को उठाकर नीचे दबी महिला को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

लिफ्ट खींचने वाली रस्सी टूटी
कर्मचारियों ने बताया कि लिफ्ट खींचने के लिए लगी लोहे की रस्सी टूटी हुई थी। जिसे सुधरवाया नहीं गया था। रस्सी टूटना ही हादसे का कारण माना जा रहा है। श्रमिकों का कहना है कि इस बारे में कारखाने के संचालक को भी जानकारी दी गई थी। लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। वहीं कुछ कर्मचारियों का यह भी कहना है कि लिफ्ट के नीचे महिला को सफाई करने से रोका भी गया था। बताया गया है कि अनमोल नमकीन के कारखाने में निर्माण कार्य के दौरान कोई भी जिम्मेदार नहीं था। नमकीन निर्माण के दौरान केवल श्रमिक थे। इसके अलावा मुख्य निर्माण श्रमिक था। हादसा होने के एक घंटे तक कारखाने के जिम्मेदार नहीं पहुंचे थे।

परिजनों ने लगाया सुरक्षा में लापरवाही का आरोप
वहीं सूचना मिलते ही पहुँचे मृतिका के परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है जिसके कारण यह हादसा हुआ। हंगामें के दौरान अधारताल थाने का पुलिस बल मौके पर पहुँचा जिन्होंने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए मामले को जाँच में लिया। पुलिस फैक्ट्री प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था, लिफ्ट के रखरखाव और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


इनका कहना है
हादसे की जाँच में सुरक्षा में लापरवाही की बात सामने आई है। लिफ्ट के तार कमजोर थे। मामले की जाँच जारी है। जाँच में जो भी बातें सामने आएंगी उसके अनुसार दोषी पर मामला दर्ज किया जाएगा।
विपिन ताम्रकार, अधारताल थाना प्रभारी
पानी भरा तो वाटर मोटर से निकाला जायेगा मदन महल अंडर ब्रिज से पानी, नगर निगम ने की वैकल्पिक तैयारी
Author: Jai Lok






