
जबलपुर (जयलोक)। मोटर साइकिलों में मोडिफाय सायलेंसर लगाकर तेज आवाज में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले लोगों से पुलिस सख्ती से निपट रही है। ऐसे ही एक मोटर साइकिल चालक को अपनी ही गलती को छुपाना और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करना महंगा पड़ गया। पुलिसकर्मियों ने युवक की अकड़ ठिकाने लगाने के लिए उसे गिरफ्तार कर लिया इतना ही नहीं मोडिफाय सायलेंसर लगाने पर उसका वाहन भी जप्त कर लिया। वहीं वाहन चालक का कहना था कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और बाल पकडक़र पुलिस वाहन में बैठाया।
वाहन चैकिंग के दौरान कभी वाहन चालक अपनी गलती को नजरअंदाज कर अपना आपा खो देता है तो कभी पुलिसकर्मी अपनी वर्दी की धौंस दिखाते हुए वाहन चालकों से अभद्रता करने से पीछे नहीं हटते। ऐसा ही मामला बलदेवबाग चौराहे पर सामने आया। यहां वाहन चैकिंग के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। लार्डगंज पुलिस और भावेश रजक नामक युवक के बीच बुलेट में मोडिफाय सायलेंसर लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इस दौरान भावेश ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता करनी शुरू कर दी और नौबत गाली गलौच तक पहुँच गई। जिसके बाद पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं थाने लाकर उसे समझाइस दी गई और बुलेट से फोडिफाय सायलेंसर निकाला गया। और 55 सौ रुपए का चालान किया गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
बलदेव बाग चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान हुआ विवाद अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है। लार्डगंज थाना पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि वाहन चैकिंग की आड़ में पुलिस लोगों के साथ अभद्रता करती है। वहीं कुछ लोग युवक की गलती बता रहे हैं।

इनका कहना है
युवक बुलेट में मोडिफाय सायलेंसर लगाया था जिसकी अनुमति के बारे में पूछा गया तो युवक भडक़ गया और पुलिसकर्मियों से ही अभद्रता करने लगा। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया और उसकी बुलेट से मोडिफाय सायलेंसर निकाला गया।
-नवल सिंह आर्य, लार्डगंज थाना प्रभारी


Author: Jai Lok






