
भोपाल (जयलोक)। मप्र में भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां मिशन मोड में काम कर रही हैं। संगठन का गठन करने और पार्टी को मजबूत करने के साथ ही दोनों पार्टियां एक-दूसरे को घेरने में लगी हुई हैं। दरअसल, दोनों पार्टियों का पूरा फोकस 2027 पंचायत और 2028 विधानसभा चुनावों पर है। भाजपा सेवक बनो, शासक नहीं की नसीहत दे रही है, जबकि कांग्रेस युवाओं को साध रही है। मप्र की राजनीति में फिलहाल कोई बड़ा उलटफेर या सीधा टकराव देखने को नहीं मिल रहा है, लेकिन सतह के नीचे भाजपा और कांग्रेस आगामी चुनावी महासंग्राम के लिए रणनीतियां बनाने में जुट गए हैं।
भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही जानते हैं कि 2027 के पंचायत चुनाव और 2028 के विधानसभा चुनाव ही असली कसौटी होंगे। पंचायत चुनाव जहां जमीनी स्तर पर पकड़ और संगठन की मजबूती का लिटमस टेस्ट होंगे। वहीं विधानसभा चुनाव सीधे सत्ता की कुंजी सौंपेंगे। यही वजह है कि दोनों खेमों में रणनीतिक स्तर पर गतिविधियां तेज हैं। बैठकों का दौर चल रहा है, संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, और संभावित उम्मीदवारों पर भी विचार-मंथन जारी है। कांग्रेस जहां अपनी पिछली गलतियों से सबक लेकर वापसी की राह तलाश रही है, वहीं भाजपा अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती। जातिगत समीकरण, क्षेत्रीय प्रभाव, और स्थानीय मुद्दों पर गहन विश्लेषण किया जा रहा है। नए चेहरों को आगे लाने और पुराने धुरंधरों को सक्रिय करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
दोनों पार्टियों का संगठन पर फोकस
गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों में अभी तीन साल का वक्त है पर प्रदेश का सियासी पारा अभी से गर्मा गया है। प्रदेश के दोनों प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस अभी से अपने संगठनों को कसने में लग गए हैं। भाजपा जहां तीन महीने से अधिक समय पहले ही अपने सभी जिलाध्यक्षों का ऐलान कर चुकी हैं वहीं अब कांग्रेस ने भी अपने सभी 71 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्ष घोषित कर दिए हैं। फिलहाल वह जिलाध्यक्षों के ऐलान के बाद उपजे असंतोष को थामने में लगी है। वहीं भाजपा अपने 61 जिलाध्यक्षों के चयन के बाद अब जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया में लग गई है। पिछले विधानसभा चुनाव और उसके बाद हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा से बुरी तरह पराजित होने के बाद कांग्रेस ने देश के साथ प्रदेश में भी संगठन पर ध्यान दिया है और इसे संगठन सृजन का नाम दिया गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद इस अभियान की मानीटरिंग कर रहे हैं। कांग्रेस अब इस सच को गहराई से समझ चकी है कि जब तक वह अपने संगठन को मजबूत नहीं करती तब तक वह कैडरबैस भाजपा को बड़ी चुनौती पेश नहीं कर पाएगी। हालांकि छह साल पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी के दिग्गज नेता कमलनाथ ने भी संगठन को मजबूत करने करने की दिशा में कदम उठाए थे। वे अक्सर कहा करते थे कि भाजपा की ताकत उसका संगठन है अगर उससे मुकाबिल होना है तो संगठन को बूथ लेबल तक मजबूत करना होगा। इसके बाद से कांग्रेस में संगठन को कसने के प्रयास तो हुए पर किसी न किसी कारण से वे परवान नहीं चढ़ सके। अब एक बार फिर कांग्रेस ने संगठन को नए सिरे से गढऩे का प्रयास किया है।
Author: Jai Lok







