
जबलपुर (जयलोक)। एनसीसी कैडेट्स के प्रशिक्षण शिविर में 37 बच्चे हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के शिकार हो गए। मामला गुरूवार शाम का है जिसके बाद सभी बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। इस घटना के बाद कैंप में हडक़ंप मच गया। जिला अस्पताल में आज भी सभी का उपचार जारी रहा। वहीं सभी बच्चों की हालत अब ठीक बताई जा रही है। इन बच्चों में चक्कर, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत थी। वहीं आज शुक्रवार को हीट स्ट्रोक से बीमार हुए तीन अन्य एनसीसी कैडेटस को भी उपचार कि लिए भर्ती किया गया है।
गुरूवार रात डुमना रोड स्थित ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में आयोजित कैम्प में एनसीसी बच्चों की तबीयत बिगडऩे लगी।


कई बच्चों को चक्कर, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत हुई तो आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एनसीसी कैडेट्स जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम की निगरानी में है। इस घटना के बाद एनसीसी कैडेट्स के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं जिला अस्पताल में एनसीसी अधिकारी और जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद हैं। वहीं मेडिकल से भी डॉक्टरों की टीम जिला अस्पताल पहुँची है। सभी बीमार एनसीसी केडेटस 24 घंटे और डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे।


खाने के बाद बिगड़ी तबियत
इस मामले में यह बताया जा रहा है कि कल रात को खाना खाने के बाद बच्चों की तबियत बिगड़ गई थी। उन्हें उल्टियां शुरू हो गई थीं जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।



आसपास के जिलों से आए छात्र
मध्य प्रदेश आम्र्ड स्क्वाड्रन एनसीसी द्वारा 14 मई से ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सीएटीसी-98 आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में जबलपुर, सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, तेंदूखेड़ा, कटंगी और नुनसर सहित कई क्षेत्रों से करीब 450 कैडेट्स पहुंचे थे।प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शुरुआती जांच में भीषण गर्मी और लू को बच्चों के बीमार होने की मुख्य वजह बताया है।

45 डिग्री तापमान में दिया जा रहा प्रशिक्षण
शहर में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इस बीच 14 मई से ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में जबलपुर समेत आसपास के जिलों से आए कैडेट्स का प्रशिक्षण हो रहा है। इस प्रशिक्षण में 450 से ज्यादा एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि बढ़ते तापमान और खुले आसमान में ट्रेनिंग से 37 एनसीसी कैडेट्स की तबीयत बिगड़ गई और ये सभी हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के शिकार हो गए। बता दें कि एनसीसी कैडेट्स के लिए यह ट्रेनिंग कैंप 24 मई तक आयोजित है।
इनका कहना है..
सभी एनसीसी कैडेट्स का अस्पताल में इलाज जारी है। सभी हीट स्ट्रोक का शिकार हुए हैं। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज चल रहा है। सभी की हालत में अब सुधार है।
– डॉ. नवीन कोठारी, सीएमएचओ
पीडब्ल्यूडी के नवाचारों को प्रधानमंत्री अवार्ड के लिए भेजें: मुख्यमंत्री यादव
Author: Jai Lok






