
जबलपुर (जय लोक)। पंडित भवानी प्रसाद तिवारी सभागृह में आज नगर निगम की साधारण सभा की बैठक में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर चले आ रहे खेल पर काफी चर्चा हुई। विपक्ष के पार्षदों ने नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारियों और सफाई ठेकेदारों के बीच चली आ रही साँठ-गाँठ के खुले आरोप लगाए। वहीं आरोपों के उत्तर में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने आँकड़ों के साथ इस बात को रखा की इ-अटेंडेंस की जो व्यवस्था सफाई संरक्षकों के लिए लागू की गई है उसकी वजह से शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार आया है। दिन-ब-दिन स्थिति देखी जा रही है।

महापौर अन्नू ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति में 78 प्रतिशत सफाई कर्मचारी अपने कार्य पर तैनात पाए गए। शहर लगातार विकास के संबंधित विषयों पर कदम दर कदम आगे बढ़ रहा है। महापौर ने कहा कि जनता भी अब जागरूक हो गई है और सफाई, स्वच्छता के कार्यों में नगर निगम के साथ बढ़ चढक़र अपना योगदान दे रही है।

एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी ने नामकरण के प्रस्तावों को सदन के समक्ष जो सर्वसम्मति से पारित हुए। इनमें बी.टी. चौराहा का नाम लघु काशी तिराहा, रामलीला मार्ग आदि नामकरण शामिल हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था शहर में ठप्प पड़ी हुई है। सी एस आई कोई काम नहीं कर रहे हैं केवल ठेकेदारों के साथ साथ गांठ कर पैसे कमाने में लगे हुए हैं। इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ए एच ओ भी कोई काम नहीं कर रहे हैं। शहर के हर वार्ड की स्थिति खराब है। ठेकेदारों के साथ मिली भगत कर सफाई कर्मचारियों की हाजिरी में गड़बड़ झाला किया जा रहा है।

दिन रात मरते हैं पार्षद हर किसी की सुनते हैं बात, फिर भी अधिकार नहीं-अनुपम जैन
कांग्रेस के पार्षद अनुपम जैन ने कहा कि अपने क्षेत्र में पार्षदों को दिन रात मरना पड़ता है। क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए उन्हें हरदम हर किसी की बात सुनना पड़ती है। लेकिन सीएसआई और एएचओ किसी की बात नहीं सुन रहे हैं। पार्षदों के बार बार कहने के बावजूद भी सफाई व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो रहा है। 40 कर्मचारी किसी भी वार्ड में नहीं आते हैं। अधिकारी और ठेकेदार मिलकर इसका सत्यापन कर लेते हैं। इस व्यवस्था से पार्षद को प्रमाण पत्र देने से वंचित कर देने के कारण यह अराजकता और बढ़ गई है।
पार्षद करेंगे प्रमाणीकरण
पिछली बैठक में महापौर जगत बहादुर सिंह सदन में इस बात की घोषणा कर चुके हैं कि सभी वार्डों में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और किये जा रहे कार्य से संबंधित प्रमाणीकरण का कार्य पार्षद के पत्र द्वारा ही किया जाएगा।
सुपर सकर मशीन की आवश्यकता-अयोध्या तिवारी
कांग्रेस पार्षद दल के मुख्य सचेतक अयोध्या तिवारी ने सदन में अपनी बात रखते हुए कहा कि जबलपुर नगर निगम को अंडरग्राउंड नाले नालिया साफ करने के लिए एक और सुपर सकर मशीन की बेहद आवश्यकता है। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आने वाले वार्डों में जिनमें गोल बाजार, राइट टाउन, नेपियर टाउन आदि क्षेत्र शामिल है यहाँ अधिकांश अंडरग्राउंड नाले हैं। एक मशीन होने के कारण सुचारू रूप से सफाई व्यवस्था में बहुत दिक्कत जाती है।
श्रमिकों के ठेके प्रस्ताव को रोका
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी कार्यों हेतु श्रमिकों की पूर्ति किए जाने के संबंध में प्रस्ताव 16 को विस्तृत चर्चा की माँग के बाद फिलहाल इस प्रस्ताव को होल्ड कर लिया गया है।
कल नेता प्रतिपक्ष कार्यालय तो आज सदन के बाहर धरने पर बैठी महिलाएँ
जबलपुर (जय लोक)। कल शाम को नगर निगम में स्थित नेता प्रतिपक्ष कार्यालय में कांग्रेस के पार्षद पर अतिक्रमण हटवाये जाने का आरोप लगाकर ठाकुर चाट वाले परिवार की महिलाएं धरने पर बैठ गयीं और नेता प्रतिपक्ष से मदद मांगीं। मदद करने के बजाय नेता प्रतिपक्ष महिलाओं को भाजपा के पास जाने की बात कहकर अपने ही कार्यालय से भाग खड़े हुए जिसका वीडियो जमकर वायरल हुआ। आज हाथों में इंसाफ तख्तियाँ लेकर महिलाएं, बच्चे, पुरुष सदन के दरवाजे पर धरने पर बैठ गये और नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ नारे बाजी की। बाद में महापौर अन्नू ने पीडि़त परिवार से चर्चा न्यायसंगत कार्रवाई का आश्वासन दिया। आरोपों के संबंध पार्षद हर्षित यादव ने कहा कि उक्त दुकान से उनका कोई लेना-देना है न उनकी कोई रुचि है। वहां की गतिविधियों पर क्षेत्रीय लोगों ने आपत्ति उठाई थी जिसके बाद कार्रवाई हुई है।
Author: Jai Lok







