
जबलपुर (जय लोक)। राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा इन दिनों बैंगलोर, हैदराबाद, तेलंगाना के दौरे पर हैं। इस बीच श्री तन्खा ने बेंगलूर में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार से शिष्टाचार भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री को उज्जैन के अधिवक्ता रवि शुक्ला ने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग का प्रसाद भी दिया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच समसामयिक विषयों, विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी हुई। यह भेंट राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

35 साल बाद पुराने दोस्तों से हुई मुलाकात, याद किए साइकिलों वाले दिन
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सांसद श्री तन्खा रोटरी क्लब बैंगलोर के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुँचे थे। यहाँ पर उनकी मुलाकात 35 साल पहले सैंट अलॉयसियस कॉलेज जबलपुर में पढऩे वाले उनके मित्र कर्नल राकेश दुबे से हुई जो भारतीय सेना का दूसरा सर्वोच्च वीरता पदक वीर चक्र प्राप्त कर चुके हैं। इनके साथ ही 1972 में जबलपुर में पढऩे वाले कैप्टन प्रदीप लाल भी इस यादगार मुलाकात का हिस्सा बने। मित्रों ने जबलपुर की सडक़ों पर सालों पहले साइकिलों वाले दिनोंं को याद किया। कर्नल राकेश दुबे ने पुराने दिनों को याद करते हुए वर्तमान की जिम्मेदारियां के बारे में कहा कि विवेक तन्खा ने लोगों के अधिकारों की रक्षा का जिम्मा उठाया और मैंने लोगों की जान बचाने का जिम्मा उठाया। आज इतने सालों बाद यहां मिलकर अच्छा अनुभव हुआ। श्री तन्खा ने कहा कि किसी ने सही कहा है पुरानी दोस्ती कभी नहीं मरती, समय के साथ और गहरी हो जाती है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की जनता अब परिवर्तन चाहती है
आज अपने हैदराबाद तेलंगाना के दौरे के दौरान राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा भारतीय युवक कांग्रेस के नेशनल लीगल कान्क्लेव 2026 में शामिल होने पहुंचे। यहां उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में मध्य प्रदेश राज्य और छत्तीसगढ़ राज्य की भाजपा शासित सरकारों से और सरकार की नाकामियों से आम जनता त्रस्त है। आप एक सामान्य आदमी से चर्चा करेंगे तो सरकार के प्रति उनकी नाराजगी आपको साफ समझ में आएगी। श्री तन्खा ने युवाओं और मौजूद पार्टी के नेताओं से आव्हान करते हुए कहा कि यही सही समय है जब हमें परेशान हो चुकी जनता का सहारा बनते हुए उनकी मदद का चेहरा बनना पड़ेगा। जनता के बीच में जाकर हमें भाजपा के झूठ और बहकावे वाली बातों के बदले अपनी अच्छी विकासशील सोच को रखना होगा। संविधान के आधार पर सरकार चलाने वाली कांग्रेस सरकारों और उनकी नीतियों को खुलकर जनता के बीच बताना होगा तभी हम बड़े बदलाव की तरफ सकारात्मक भाव से देख सकते हैं।


Author: Jai Lok






