
जबलपुर (जयलोक)। मध्य प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को नामांकन के अगले दिन ही बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर ने निरस्त कर दिया है।
भाजपा द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों पर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया गया। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान भाजपा ने आरोप लगाया था कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने शपथ पत्र में महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई है। पार्टी का दावा था कि तेलंगाना की एक अदालत में लंबित मामले का उल्लेख नामांकन दस्तावेजों में नहीं किया गया, जबकि चुनावी प्रक्रिया में ऐसी जानकारी देना आवश्यक होता है।

भाजपा की ओर से दायर आपत्ति में कहा गया था कि कांग्रेस उम्मीदवार ने अपने खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी का खुलासा नहीं किया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने नामांकन पत्र और शपथ पत्र में तेलंगाना की अदालत से जुड़े प्रकरण का उल्लेख नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संपत्ति से संबंधित कुछ जानकारियां भी पूरी तरह घोषित नहीं की गईं। इसी आधार पर नामांकन को निरस्त किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रिटर्निंग ऑफिसर ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया।

कानूनी और दस्तावेजी पहलुओं की जांच के बाद नामांकन पत्र को अमान्य घोषित कर दिया गया। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने को गया है.बीजेपी ने जहां इसे सत्य की जीत बताया है, वहीं कांग्रेस ने इसे सीट चोरी कहा है। इसके बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश, भूपेश बघेल, सचिन पायलट और केसी वेणुगोपाल समेत कई पार्टी नेता नई दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ़्तर पहुंचे हैं।


कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने चुनाव आयोग के दफ़्तर के बाहर सुरक्षाकर्मियों से दरवाज़ा खोलने के लिए कहा उनका कहना है कि वो अपनी याचिका देने के लिए आए हैं। केसी वेणुगोपाल ने चुनाव आयोग के दफ़्तर जाते हुए पत्रकारों से नामांकन रद्द होने को अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की हत्या हो गई है. मध्य प्रदेश में बीजेपी ने निर्वाचन अधिकारी के आगे मंगलवार की सुबह आपत्ति दर्ज कराई थी। बीजेपी का आरोप था कि नटराजन ने एक क़ानूनी मामले के बारे में नामांकन दस्तावेज़ों में जानकारी नहीं दी थी।
Author: Jai Lok






