
जबलपुर (जयलोक)। रांझी थाना अंतर्गत गंगा मैया इलाके में कल शाम मामूली से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 14 वर्षीय किशोर जॉनसन पिल्ले पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला किया गया है। गले पर गंभीर चोट आने और अत्यधिक खून बहने के कारण पीडि़त की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां वह फिलहाल आईसीयू में विशेषज्ञ डॉक्टरों की सख्त निगरानी में है। रांझी थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है और फरार हमलावरों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। गंगा मैया क्षेत्र में जॉनसन पिल्ले अपने कुछ परिचितों के साथ खड़ा हुआ था। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह साधारण बातचीत गाली-गलौज में बदल गई।

विवाद इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद एक युवक ने गुस्से में आकर अपने पास रखा धारदार हथियार निकाला और सीधे जॉनसन के गले पर वार कर दिया। हमला होते ही जॉनसन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देते ही आरोपी और उसके साथी तुरंत वहां से भाग निकले। जॉनसन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत गहन चिकित्सा इकाई यानी आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने के प्रयास में जुटी है।


Author: Jai Lok






