
सीएसपी को हटाया, आठ पुलिसकर्मी निलंबित
भोपाल (जयलोक)। ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सडक़ हादसे के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटा दिया गया है। वहीं, तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। हादसे में श्रद्धालुओं की मौत के बाद पुलिस की भूमिका और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सरकार ने जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई की जद में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया पर आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
बाबा महाकाल से प्रार्थना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं। उन्होंने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोकाकुल परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की है।
ग्वालियर में बड़ा हादसा शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 14 की मौत
ग्वालियर मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात मौत बनकर एक तेज रफ्तार ट्रक टूट पड़ा। चीनौर रोड पर ढलान के पास अनियंत्रित हुए धान से भरे ट्रक ने सडक़ किनारे मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचल दिया। इसके बाद ट्रक मंदिर के प्रवेश द्वार और बाहरी दीवार से जा टकराया। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुट गईं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रात करीब डेढ़ बजे हुआ हादसा, मंदिर के गेट से टकराया ट्रक- यह हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1.30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। बताया जा रहा है कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। इसी दौरान धान से भरा एक ट्रक वहां पहुंचा और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार ट्रक सडक़ किनारे मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचलता हुआ मंदिर के प्रवेश द्वार तक पहुंच गया।
मंत्री राकेश सिंह ने किया बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र के नवीन कार्यालय का उद्घाटन





