
जबलपुर (जय लोक)। भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं मानवीय सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जबलपुर रेल मंडल ने एक बार फिर संवेदनशीलता और तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

आज शनिवार को रेल मदद (139) के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर जबलपुर स्टेशन पर गोरखपुर जंक्शन से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही गाड़ी संख्या 11082 के कोच एस-8 में यात्रा कर रहे एक 70 वर्षीय बुजुर्ग यात्री रामजी विश्वकर्मा जो कि पैरालिसिस से पीडि़त हैं, को यात्रा के दौरान गंभीर स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न हो गई। उनका राइल्स ट्यूब निकल जाने के कारण वे भोजन एवं पानी ग्रहण करने में असमर्थ हो गए थे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यात्रियों एवं परिजनों को उपचार हेतु उतरने का सुझाव दिया गया, किंतु परिजनों द्वारा यह बताया गया कि अगले दिन सुबह मुंबई के एक अस्पताल में चिकित्सकीय निर्धारित है, अत: वे यात्रा जारी रखना चाहते हैं। यात्री की तकलीफ को समझते हुए जबलपुर स्टेशन पर तैनात वाणिज्य विभाग के उप स्टेशन प्रबंधक बलवंत द्वारा तुरंत मानवीय पहल करते हुए स्थानीय बाजार से राइल्स ट्यूब की व्यवस्था कराई गई।
इसके उपरांत स्टेशन पर उपलब्ध डॉ. पंकज पुरोहित एवं नर्सिंग स्टाफ अतुल द्वारा लगभग 20 मिनट के चिकित्सकीय प्रयास के बाद सफलतापूर्वक राइल्स ट्यूब लगाया गया। इस त्वरित एवं समन्वित प्रयास से बुजुर्ग यात्री को तत्काल राहत मिली और परिजनों ने रेलवे प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि गाड़ी का जबलपुर स्टेशन पर आगमन 06:50 बजे तथा प्रस्थान 07:12 बजे निर्धारित समयानुसार सुनिश्चित किया गया, जिससे अन्य यात्रियों को भी किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।





