
जबलपुर के युवाओं के लिए खुल सकते है रोजग़ार के नए अवसर
जबलपुर (जय लोक)। प्रख्यात अंतरराष्ट्रीय प्रेरक, शिक्षाविद् एवं युवा प्रेरक डॉ. अनुराग सोनी को जर्मनी के शिक्षा मंत्रालय द्वारा व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं युवाओं के लिए वैश्विक रोजगार के अवसरों पर उच्चस्तरीय विचार-विमर्श हेतु आमंत्रित किया गया। जर्मनी प्रवास के दौरान उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा फैं्रकफर्ट में उनके सम्मान में एक आधिकारिक रात्रिभोज का भी आयोजन किया गया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में जर्मनी के वरिष्ठ अधिकारी कोनराड न्यूफेल्ड, स्टेफन कोगलर, डॉ. कॉर्नेलिया एबरले सहित अन्य गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अपने दस दिवसीय दौरे के दौरान डॉ. सोनी ने चैंबर ऑफ क्राफ्ट्स, स्टुटगार्ट, वोकेशनल बिजनेस स्कूल गोपिंगेन, स्टाइनहोवेल-शूले तथा यूनिवर्सिटी ऑफ मैनहाइम सहित कई प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों का भ्रमण किया और जर्मनी की विश्वप्रसिद्ध ड्यूल वोकेशनल ट्रेनिंग प्रणाली का अध्ययन किया।

डॉक्टर अनुराग सोनी ने बताया कि रोजग़ार के लिए इच्छुक भारतीय विद्यार्थियों को जर्मन भाषा का ज्ञान और आवश्यक ब्रिज कोर्स पूरा करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जर्मंनी में कुशल मानव संसाधन की भारी मांग है और तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में युवाओं के लिए व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं। जबलपुर और भारत के युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोडऩे के उद्देश्य से डॉ. सोनी ने जर्मन प्रतिनिधिमंडल को जबलपुर आने का आमंत्रण दिया तथा कौशल आधारित प्रशिक्षण केंद्रों और रोजगार सृजन के लिए सहयोगात्मक पहल का प्रस्ताव रखा। उनका उद्देश्य युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान कर उन्हें बेहतर वैश्विक करियर के लिए तैयार करना है।


Author: Jai Lok






