
जबलपुर (जयलोक)। नेशनल हॉस्पिटल एंड हार्ट इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर एवं समाजसेवी डॉ. आनंद तिवारी का आज निधन हो गया। वे हिमांशु तिवारी एवं सुधांशु तिवारी के पिताजी थे। उनकी अंतिम यात्रा निज निवास स्थान विजय नगर से शाम 5 बजे रानीताल मुक्तिधाम के लिए प्रस्थान करेगी।डॉ. आनंद तिवारी शहर के प्रतिष्ठित गल्ला व्यापारी नर्मदा प्रसाद तिवारी के सुपुत्र थे। अपना शिक्षण पूरा करने बाद वे चिकित्सक के रूप में चयनित हुए।

उन्होंने शासकीय स्वास्थ्य विभाग में शहर के कई शासकीय अस्पतालों में अपनी सेवाएं दीं। बाद में शासकीय सेवा को छोडक़र डॉ. आनंद तिवारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोलबाजार में नेशनल हॉस्पिटल की स्थापना की और इसका उन्होंने निरंतर विस्तार भी किया तथा हार्ट इंस्टीट्यूट भी उन्होंने स्थापित किया।

डॉ. तिवारी शहर के साहित्यिक और सांस्कृतिक जगत में भी सक्रिय रहे। शहर की प्रतिष्ठित संस्था गुंजन कला सदन के वे अभी तक प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। डॉ. तिवारी ने शहर में होली के अवसर पर रसरंग बारात के आयोजन की शुरूआत भी कराई। इसी तरह वे बुंदेली दिवस के आयोजन में भी प्रमुख आयोजनकर्ता थे। अभी 1 सितम्बर को आयोजित हुए बुंदेली दिवस के आयोजन के अवसर पर हिमांशु तिवारी ने बताया कि उनके पिता डॉ. आनंद तिवारी अस्वस्थता के बावजूद घर पर ही इस आयोजन को लाईव देख रहे हैं। गुंजन कला सदन के सभी आयोजनों में उनकी हमेशा सक्रिय भूमिका भी रही है। समाजसेवा के क्षेत्र में भी वे अग्रणी रहे हैं। दैनिक जयलोक परिवार की श्रद्धांजलि।





