
मुंबई/एजेंसी (जयलोक)। टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में जांच के साथ कई नए सवाल सामने आ रहे हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के कथित खुलासों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने से पहले अमिताभ बच्चन, आमिर खान, अक्षय कुमार और सलमान खान के घरों की रेकी की गई थी। बताया जा रहा है कि इन सितारों के घरों पर कड़ी सुरक्षा देखकर हमले की योजना बदलने और टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने का फैसला किया गया। हालांकि, पुलिस को आरोपियों के इस दावे पर संदेह है और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि टाइगर श्रॉफ शुरू से ही निशाने पर थे या दूसरे सितारों का नाम लेकर जांच को भटकाने की कोशिश की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, ऋतिक, रेहान और एक नाबालिग आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि टाइगर श्रॉफ की दिनचर्या पर करीब सात दिनों तक नजर रखी गई थी। आरोपियों के कथित बयान के अनुसार, टाइगर हर रविवार फुटबॉल खेलने जाते थे और उस दौरान उनके साथ सीमित सुरक्षा रहती थी। इसी वजह से उन्हें आसान निशाना मानने की बात सामने आई है। दूसरी तरफ, पुलिस इस कहानी की कडिय़ों को जोडऩे में जुटी है। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों तक 17 अक्टूबर को दिल्ली से मुंबई आई महिलाओं के जरिए पिस्तौल पहुंचाई गई थी, जबकि 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की गई। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अगर इससे पहले सलमान खान के घर की रेकी की गई थी, तो उस समय आरोपियों के पास हथियार थे या नहीं। जांच एजेंसियों को शक है कि सलमान खान का नाम लेकर हमले की कहानी को दूसरा मोड़ देने की कोशिश भी हो सकती है।
अब तक की जांच के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश करीब दो महीने पहले से रची जा रही थी। पुलिस को यह भी संदेह है कि अनिल पंडित ने रेहान को बयान देने और मामले को चर्चा में बनाए रखने के संबंध में निर्देश दिए थे। हालांकि, इन दावों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों से ही हो सकेगी। पुलिस अब कथित रेकी, हथियारों की सप्लाई और हमले की योजना बनाने वालों के बीच संबंधों की पड़ताल कर रही है। इस घटना के बाद फिल्म जगत में सेलिब्रिटीज की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जांच का सबसे अहम पहलू यही है कि टाइगर श्रॉफ वास्तविक निशाना थे या हमले की योजना में पहले किसी दूसरे सितारे का नाम था।
सिंधी विद्या समिति स्कूल में जस्टिस द्वारकाधीश बंसल ने किया कन्या पूजन




