
चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में आज रविवार को एक ऐतिहासिक बदलाव देखा गया, जब तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय के मुख्यमंत्री बनते ही राज्य की राजनीति में बीते छह दशकों से चले आ रहे डीएमके और एआईएडीएमके के दबदबे का अंत हो गया है।
जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस भव्य समारोह में विजय के साथ उनके मंत्रिमंडल के नौ अन्य सदस्यों ने भी शपथ ली। इनमें एन. आनंद, आधव अर्जुन, केजी अरुण राज, केए. सेंगोट्टैयन, पी. वेंकेटरामनन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टी.के. प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना शामिल हैं। कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित देश के कई दिग्गज राजनेता और फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं। स्टेडियम की पहली पंक्ति में विजय के माता-पिता, प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एस.ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर के साथ-साथ अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन और उनकी माता के लिए विशेष स्थान आरक्षित था। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हजारों समर्थकों की मौजूदगी में यह समारोह संपन्न हुआ। 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन बहुमत के आंकड़े से थोड़ा पीछे रह गई। हालांकि, कांग्रेस, सीपीआई और सीपीआई (एम) के समर्थन के साथ टीवीके गठबंधन को कुल 120 विधायकों का साथ मिला। विजय ने शनिवार रात राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर सहयोगी दलों के समर्थन पत्र सौंपे थे। राज्यपाल ने उन्हें 13 मई तक सदन में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया है। यह शपथ ग्रहण समारोह केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि एक वैचारिक बदलाव का प्रतीक है। 1967 के बाद यह पहला मौका है जब तमिलनाडु में किसी गैर-द्रविड़ दल ने सत्ता की बागडोर संभाली है। इस जीत के साथ ही विजय ने फिल्मी पर्दे से निकलकर राजनीति के शिखर तक का सफर तय कर लिया है।
विजय ने उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने से जुड़ी पहली फाइल पर हस्ताक्षर किए
तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि वह जनता को झूठे वादों से कभी गुमराह नहीं करेंगे और ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका कोई शाही या राजनीतिक परिवार से संबंध नहीं है, फिर भी लोगों ने उन्हें स्वीकार किया और समर्थन दिया। इसके बाद उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल के गठन और घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने से जुड़ी पहली फाइलों पर हस्ताक्षर किए।
पिछली सरकारों पर राज्य पर कर्ज बढ़ाने का आरोप
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने लोगों से अपील की कि उन्हें कामकाज के लिए उचित समय दिया जाए ताकि परिणाम दिखाए जा सकें। उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने और पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढऩे की बात कही। साथ ही उन्होंने पिछली सरकार पर राज्य पर भारी कर्ज डालने का आरोप लगाया और कहा कि वह जनता से झूठे वादे नहीं करेंगे। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि उन्होंने यह जिम्मेदारी लगभग 10 लाख करोड़ रुपये के भारी कर्ज के दबाव के बीच संभाली है। उन्होंने बताया कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राज्य की आर्थिक स्थिति पर एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा, जिससे जनता को पूरी जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि उनके अलावा कोई अन्य सत्ता केंद्र नहीं होगा, सत्ता का एकमात्र केंद्र वही होंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री को बधाई दी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर विजय और उनकी पार्टी टीवीके को बधाई दी। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, मैं उन्हें, तमिलगा वेत्री कझगम और पूरे प्रगतिशील गठबंधन को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। इस सरकार का गठन आत्म-सम्मान, सामाजिक न्याय, सशक्तिकरण और तर्कसंगत सोच की स्थायी ताकत की पुन: पुष्टि करता है। ये ऐसे मूल्य हैं जिन्होंने लंबे समय से तमिलनाडु की राजनीतिक और सामाजिक चेतना को परिभाषित किया है। यह वह विरासत है जिसे पेरियार और कामराजर ने गढ़ा था। तमिलनाडु में लाखों लोगों, खासकर युवाओं ने टीवीके पर अपना भरोसा जताया है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में ये आदर्श शासन का मार्गदर्शन करते रहेंगे और राष्ट्र को प्रेरित करेंगे। मैं नई सरकार के लिए कामना करता हूं कि वह करुणा, समावेशिता और समर्पण के साथ लोगों की सेवा करने में अपार सफलता प्राप्त करे।
Author: Jai Lok






