
31 करोड़ की राशि से 13 हजार स्ट्रीट वेंडर्स बने स्वावलंबी
जबलपुर (जय लोक)। संस्कारधानी जबलपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। नगर निगम के द्वारा दो कीर्तिमान स्थापित किये गए है। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में पीएम स्वनिधि योजना के तहत एक कीर्तिमान स्थापित किया गया है। योजना के बेहतरीन क्रियान्वयन के कारण जबलपुर नगर निगम को पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जिसके लिए भारत सरकार द्वारा भी नगर निगम की सराहना की गई है। महापौर श्री अन्नू ने बताया कि मात्र 9 माह में 13 हजार परिवारों को 31 करोड़ की राशि स्वीकृत कर व्यवसाय से जोडऩे की जो ऐतिहासिक उपलब्धि नगर निगम को प्राप्त हुई है उसके लिए उन्होंने टीम के सभी सदस्यों को श्रेय दिया है।

इस आर्थिक संबल ने रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे दुकानदारों को ब्याज के दुष्चक्र से मुक्त कराकर आत्मनिर्भरता की एक नई राह दिखाई है। देश में तीसरा स्थान मिलना पूरे जबलपुर के लिए गौरव की बात है। योजना के तहत स्थापित किए गए कीर्तिमान के मुख्य आंकड़े जिसमें लाभार्थियों की संख्या श्रेणी प्रथम, द्वितीय चरण में 6,327 लाभार्थी को प्रतिव्यक्ति वितरित ऋण राशि रूपये 15,000, प्रगतिशील चरण श्रेणी में 4,415 लाभार्थी को प्रतिव्यक्ति वितरित ऋण राशि रूपये 25,000, एवं उच्चतर चरण श्रेणी में 2,070 लाभार्थी को प्रतिव्यक्ति वितरित ऋण राशि रूपये 50,000, लगभग 13000 लाभार्थियों को कुल 31 करोड़ रूपये की राशि का वितरण किया जा चुका है।

मकान सूचीकरण में मध्य प्रदेश में अव्वल
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन दूसरी बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई है। नगर निगम जबलपुर ने टीम वर्क की मिसाल पेश करते हुए, जनगणना के अंतर्गत होने वाले मकान सूचीकरण के कार्य को समय सीमा से पहले पूरा कर प्रदेश स्तर पर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। निर्धारित समय सीमा 20 मई के पूर्व ही 19 मई को नगर निगम ने इस महत्वपूर्ण कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया। इसके साथ ही जबलपुर, प्रदेश का ऐसा ’पहला नगर निगम’ बन गया है जिसने इस लक्ष्य को सबसे पहले हासिल किया है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि इतनी बड़ी आबादी वाले नगर निगम क्षेत्र में मकानों का सटीक सूचीकरण करना एक महात्वपूर्ण कार्य था, लेकिन बेहतर मॉनिटरिंग और मैदानी अमले के समर्पण के कारण जबलपुर ने पूरे मध्य प्रदेश में बाजी मार ली। मध्य प्रदेश के सभी नगर निगमों में जबलपुर ने सबसे पहले कार्य पूरा कर उपलब्धि हासिल की है।


Author: Jai Lok






