
मेसर्स तनुश्री कंस्ट्रक्शन और विजय एसोसिएट्स के ठेकों को किया निरस्त, निगम क्षेत्र के अंतर्गत समस्त विभागों से किया गया ब्लैकलिस्टेड
जबलपुर जय लोक । नगर निगम ने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले और समय पर काम शुरू न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वार्ड क्रमांक 72 के अंतर्गत आने वाली कंचन विहार कॉलोनी सरस्वती विद्यालय के पीछे से महेन्द्र वर्मन के घर तक एम-30 सी.सी. सड़क निर्माण का कार्य समय पर शुरू न करने के कारण, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने मेसर्स तनुश्री कंस्ट्रक्शन का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि इस सड़क निर्माण के लिए मई 2025 में ही कार्यादेश जारी कर दिया गया था। इसके बाद निगम प्रशासन द्वारा पत्र और दूरभाष के माध्यम से ठेकेदार को कई बार काम शुरू करने के निर्देश दिए गए, लेकिन ठेकेदार ने काम में कोई रुचि नहीं दिखाई। नागरिकों की सुविधा से जुड़े इस कार्य में ढिलाई को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने सख्त कदम उठाया है। सड़क निर्माण का टेंडर तत्काल प्रभाव से कैंसिल कर दिया गया है और ठेकेदार द्वारा जमा की गई 25,000 की परफॉर्मेंस गारंटी राशि को राजसात कर लिया गया है। उक्त ठेकेदार फर्म को आगामी एक वर्ष के लिए नगर निगम के सभी निर्माण कार्यों के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

इसी प्रकार विजय एसोसिएट्स पंजीकृत निविदाकार फर्म पर बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। कार्यवाही के संबंध में निगमायुक्त ने बताया कि संभाग क्रमांक-06 के अंतर्गत आने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड के मदर टेरेसा नगर गली नंबर 03 स्थित विवेकानंद गार्डन एवं गली नं. 02 स्थित श्री राम वाटिका गार्डन में बाउण्ड्रीवाल और पथवे का निर्माण होना था।

इसके लिए मई 2025 में ही कार्य आदेश जारी कर दिया गया था। लेकिन समयसीमा बीत जाने के बाद भी संबंधित ठेकेदार द्वारा काम शुरू नहीं किया गया। नगर निगम द्वारा बार-बार फोन और नोटिस के जरिए याद दिलाने के बाद भी ठेकेदार ने काम में कोई रुचि नहीं दिखाई। नागरिकों की सुविधा से जुड़े इस पार्क के विकास कार्य में रुकावट डालने और निगम की छवि धूमिल करने पर निगमायुक्त श्री अहिरवार ने लापरवाही के चलते संबंधित ठेकेदार का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।


ठेकेदार की राशि 57,849 रूपये की परफॉर्मेंस गारंटी राशि को निगम द्वारा जब्त कर लिया गया है। इस फर्म को भविष्य के लिए नगर निगम के सभी विभागों से ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। अब इस कार्य के लिए दोबारा निविदा निकाली जाएगी और इससे निगम को होने वाली किसी भी आर्थिक क्षति की वसूली भी इन्हीं ठेकेदारों से की जाएगी।
Author: Jai Lok






