
जबलपुर (जयलोक)। शहर में स्मार्ट मीटर लगाने के अभियान को अब अधिकारिक गुंडागर्दी का स्वरूप देते हुए विद्युत कंपनी ने स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करने वालों पर सीधे एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी है। यह सरासर जनता के साथ अन्याय है। जिन स्मार्ट मीटरों को उच्च गुणवत्ता का बताकर डरा धमकाकर लगाने का प्रयास किया जा रहा है असल में वे पिछले चार सालों से मान्यता प्राप्त ही नहीं हैं। इस संबंध में कल नगर कांगे्रस कमेटी की ओर से एक पत्रकारवार्ता में बड़ा खुलासा किया जाएगा और शहर की भोली भाली जनता को स्मार्ट तरीके से लूटने वाले इन स्मार्ट मीटरों के संबंध में कई पोल खोली जाएंगी। यह कहना है कि कांगे्रस के नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा का।
कांगे्रस के नगर अध्यक्ष ने कहा कि लगाए जा रहे सभी स्मार्ट मीटर फर्जी हैं विगत चार सालों से स्मार्ट मीटरों को प्रमाणित करने वाले एनएबीएल का प्रमाण पत्र निरस्त है। इस स्मार्ट मीटर में एक भी ऐसा गुण नहीं है जो जनता के हित में हो बल्कि इस फर्जी स्मार्ट मीटर के माध्यम से केवल जनता को लूटने की योजना बनाई गई है।
उपभोक्ता की मर्जी के बिना जबरदस्ती नहीं लगा सकते स्मार्ट मीटर
कांगे्रस कमेटी के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा लंबे समय से शहर की गरीब और मध्यम वर्गीय जनता पर जबरदस्ती थोपे जा रहे स्मार्टमीटरों को हटाने के लिए या उन पर नियम के अनुसार सुधार करने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। दर्जनों आंदोलन जनता को जागरूक करने और स्मार्ट मीटर की खामियों जिससे जनता लुट रही है को उजागर करने के लिए हो चुके हैं। सौरभ शर्मा का कहना है कि स्मार्ट मीटर को लगाने के लिए किसी प्रकार की धमकी या जोर जबरजस्ती नहीं की जा सकती यह उपभोक्ता के विवेक का मामला है क्योंकि ना तो स्मार्ट मीटर की जांच करने के लिए चैक मीटर लगाए जा रहे हैं और ना ही सब मीटरों का प्रावधान उपभोक्ताओं को दिया जा रहा है।
एफआईआर तो क्या जेल जाने को भी तैयार
कांगे्रस कमेटी के नगर अध्यक्ष ने कहा कि शहर की जनता के साथ स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रहे अन्याय को रोकने के लिए हम विद्युत मंडल के अधिकारियों द्वारा निजी स्मार्ट कंपनी के दबाव में दी जा रही धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। फर्जी स्मार्ट मीटरों के बहिष्कार का यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा। इसके लिए हम एफआईआर तो क्या हम जेल जाने के लिए भी तैयार हैं।
एफआईआर की धमकी का हो रहा विरोध
अधिक्षण अभियंता सिटी सर्कल संजय अरोरा का एक बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने स्मार्ट मीटर के बेवजह विरोध का हवाला देते हुए कहा है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाही की जाएगी। जो लोग स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध कर रहे हैं या करेंगे उनके खिलाफ थानों में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। हमारी कोशिश है कि तेजी के साथ लक्ष्य पूरा किया जाए वर्तमान में सवा लाख के करीब स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। लेकिन बिजली विभाग के इस धमकी भरे अंदाज का और जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाने के दबाव का सभी लोग विरोध कर रहे हैं जल्द ही इसके खिलाफ प्रदर्शन भी किया जाएगा।






