
जबलपुर (जय लोक)। नगर निगम के बाजार विभाग ने शहर के सबसे प्रमुख नया बाजार से प्रीमियम की राशि की वसूली की शुरुआत कर दी है। नया बाजार से सिर्फ दो दूकानदारों से ही एक मुश्त 82 लाख से अधिक की राशि जमा करा कर निगम के बाजार विभाग ने अभूतपूर्व सफलता हासिल करते हुए एक दिन में बड़ी राशि की वसूली का इतिहास रचा है।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशन में उपायुक्त श्रीमती अंकिता जैन और बाजार अधीक्षक राजेन्द्र दुबे ने नया बाजार स्थित निगम स्वामित्व की दुकान क्रमांक 32 एवं 33 की पूरी प्रीमियम राशि एक साथ जमा कराई है। दोनों व्यापारियों ने कुल 82 लाख 51 हजार 9 सौ 34 रुपये प्रिमियम राशि के चेक निगम कोष में जमा कर दिये हैं। जिसके बाद विभाग द्वारा उन्हें विधिवत रसीदें जारी कर दी गई हैं। बाजार विभाग के इतिहास में यह पहला मौका है जब इतनी बड़ी धनराशि एकमुश्त और इतने सुचारू रूप से जमा हुई है।

40 करोड़ से ज्यादा की होना है वसूली- नगर निगम के नया बाजार में 65 दुकान संचालित हैं। इन दुकानों के संचालकों ने नगर निगम की बिना अनुमति के मन माने तरीके से अतिक्रमण किया है और बहु मंजिला निर्माण भी किए हैं। इन दुकानदारों से नगर निगम को प्रीमियम तथा जुर्माने की 40 करोड़ से अधिक की राशि की वसूली करना है। नगर निगम के बाजार विभाग ने इस बड़ी राशि की वसूली की शुरुआत कर दी है।
नया बाजार के दुकानदारों ने अपनी दुकान के पीछे 10 फुट तथा सामने की ओर 20 फुट अवैध कब्जा कर निर्माण कर लिया है और अपनी दुकानों के ऊपर बहुमंजिला दुकानें और बड़े बड़े वो रूम भी बना लिए है। इन व्यापारियों से नगर निगम को उनके अवैध निर्माण को लेकर प्रीमियम और जुर्माने की राशि वसूल करना है। लेकिन कई दशकों से नगर निगम 40 करोड रुपए से अधिक की राशि वसूल करने में नाकाम रहा है। नया बाजार के व्यापारी बेहद प्रभावशाली हैं और वह लगातार नगर निगम को जुर्माने की राशि न देने में अपने आपको बड़ा बलशाली साबित कर चुके हैं और नगर निगम को किसी भी तरह से अपनी दुकानों के अवैध निर्माण की राशि देने तैयार नहीं है।

उपायुक्त श्रीमती अंकिता जैन और बाजार अधीक्षक राजेन्द्र दुबे ने बताया कि निगमायुक्त की प्रशासनिक दूरदर्शिता और व्यापारियों के साथ निरंतर सकारात्मक समन्वय के कारण अब वसूली की शुरुआत हो चुकी है। वसूली की बेहद जटिल प्रक्रिया को आसान बनाकर बाजार विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के आपसी तालमेल और सकारात्मक प्रयासों के कारण 82 लाख रुपए से अधिक की ऐतिहासिक रिकवरी की गयी है।
बाजार बिभाग की टीम में श्री राजेन्द्र कुमार दुबे बाजार अधीक्षक, एवँ नोडल अधिकारी ट्रेड लायसेंस शाखा के साथ राम स्वरूप रजक, मनोज श्रीवास्तव, अजय पसेरिया, वेंकटेश्वर, के.के. तिवारी, सतीश ठाकुर, संजय साहू आदि उपस्थित थे।


12 साल के बालक को मगरमच्छ खा गया जबड़े में दबाया, उछाला और लील गया
Author: Jai Lok






