
जबलपुर (जय लोक)। आज भंवरताल स्थित संस्कृति थिएटर में नशे से दूरी है जरुरी 2.0 अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत आज 15 जुलाई से 30 जुलाई तक नशे से दूरी बनाने और लोगों को जागरूक करने के लिए तरह तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आज शुभारंभ के मौके पर युवाओं को नशे के दुष्परिणाम बताए गए साथ ही नशे से दूर रहने का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में जिला, पुलिस और नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस अभियान के तहत पुलिस, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से भागीदारी निभा रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस आयोजन में पुलिस विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, और उच्च शिक्षा विभाग मिलकर नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, रैलियां और संगोष्ठी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आज कार्यक्रम के शुभारंभ के मौके पर जागरूकता रैली निकाली गई।

अभियान के तहत यहाँ रहेगी नजर
स्कूलों की 100 गज की परिधि में गुटखा, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों को चिन्हित कर नोटिस दिए जाएंगे और उन्हें हटाने के सख्त निर्देश हैं।

कॉलेजों में जागरूकता
सभी शासकीय और निजी महाविद्यालयों में एंटी-ड्रग कमेटियों का गठन किया गया है। इस दौरान छात्रों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए रैलियां, पोस्टर प्रतियोगिताएं, और विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।


छात्रों की भागीदारी
नौवीं से बारहवीं तक के स्कूली छात्रों और कॉलेज के युवाओं को विशेष रूप से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि वे अपने परिवारों में भी इसका संदेश फैला सकें।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
नशे से दूरी है जरुरी 2.0 अभियान के शुभारंभ के मौके पर आईजी प्रमोद वर्मा, डीआई अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, एसपी संपत उपाध्याय, नगर निगम कमीशनर राम प्रकाश अहिरवार सहित कलेक्ट्रेट, पुलिस और नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
स्कूल कॉलेज के बाहर गठित टीम की नजर
अभियान के तहत आज से स्कूल से सौ मीटर की दूरी पर गुटखा, सिगरेट की दुकान होने पर कार्रवाही की जाएगी। गठित की गई टीम शहर भर में स्कूल कॉलेजों के पास संचालित हो रही दुकानों पर नजर रखेंगे। वहीं चिन्हित स्थानों पर लगाातर निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाही की जा रही है। इसके लिए कलेक्टर के निर्देश पर टीम गठित की गई है। जो स्कूलों कॉलेजों के पास नजर बनाए हुए हैं।
उपभोक्ता अदालत का फैसला एथेनॉल वाले पेट्रोल से खराबी, नई कार देने के आदेश
Author: Jai Lok






