
जबलपुर (जयलोक)। मध्य प्रदेश शासन के निगम मंडलों में शीघ्र ही पदाधिकारियों की नियुक्तियाँ होने जा रही हैं। ये नियुक्तियाँ होली के बाद हो जाएंगी। यह दावा भी किया जा रहा है कि निगम मंडलों में नियुक्त होने वाले नेताओं के नामों की सूची भी तैयार हो चुकी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल अपने स्तर पर सूची को अंतिम रूप दे चुके हैं। अब इस सूची को भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व से मंजूरी मिलने का इंतजार रहेगा।

प्रदेश में निगम मंडलों में नियुक्तियों का मामला लंबे समय से टलता जा रहा है। पहले यह तय किया गया कि भाजपा संगठन के चुनाव कराए जाएं तथा प्रदेश भाजपा संगठन के अध्यक्ष पद पर किसी की नियुक्ति हो जाए इसके बाद ही नया प्रदेश अध्यक्ष निगम मंडलों में नियुक्तियों के लिए सिफारिश करें। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद की कमान विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने संभाल ली है। उन्होंने निगम मंडलों के साथ ही शासकीय समितियों एवं नगरीय निकायो में एल्डरमैन की नियुक्ति आदि की दिशा में सूचियाँ तैयार कराने का काम भी करा लिया है।
भाजपा के प्रदेश के सक्रिय नेताओं को निगम मंडलोंं में जगह मिलने की उम्मीदें बंध चुकी हैं। भाजपा ने निगम मंडलों में नियुक्ति के लिए सभी पक्षों को ध्यान में रखकर निर्णय लेने जा रही है। क्षेत्रीय संतुलन तथा जातीय संतुलन का भी विशेष रूप से ध्यान रखा जा रहा है। भाजपा के ऐसे नेता जो कि विधानसभा के चुनाव में हार चुके हैं या फिर ऐसे नेता जिन्हें विधानसभा का चुनाव लडऩे का मौका नहीं मिला है उन्हें भी निगम मंडलों में नियुक्तियाँ दी जा सकती हैं। 2028 में विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं इन चुनावों को ध्यान में रखकर भी निगम मंडलों में नियुक्तियाँ की जाएंगी। प्रदेश के सभी संभागों को निगम मंडलों में प्रतिनिधित्व मिल जाए इसके लिए भी प्राथमिकता होगी। प्रदेश के सभी जातीय वर्गों के लोगों को भी प्रतिनिधित्व मिले इस बात को भी ध्यान में रखा जा रहा है।

जबलपुर के नेताओं के नामों की भी चर्चा
जबलपुर जिले के कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं के नाम निगम मंडलों में नियुक्ति के लिए चर्चा में आ चुके हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, विधायक अशोक रोहाणी तथा अभिलाष पांडे के नामों की भी चर्चा है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद गोंटिया, पूर्व मंत्री शरद जैन, दीपांकर बैनर्जी तथा ग्रामीण क्षेत्र के पूर्व विधायक नरेन्द्र त्रिपाठी का नाम भी निगम मंडल अध्यक्ष में नियुक्ति के लिए चर्चाओं में आ चुके हैं।

Author: Jai Lok







