Download Our App

Home » News » परिवारजनों को मृतक महिला का थमा दिया ‘जन्म प्रमाण पत्र’

परिवारजनों को मृतक महिला का थमा दिया ‘जन्म प्रमाण पत्र’

बरगी लोक सेवा केंद्र की बड़ी लापरवाही

जबलपुर (जय लोक)। जिले के बरगी क्षेत्र से प्रशासन की घोर लापरवाही का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ बरगी लोक सेवा केंद्र ने एक मृतक महिला के परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र के स्थान पर ‘जन्म प्रमाण पत्र’ जारी कर दिया। इस बेतुकी गलती के कारण परिजन सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, बरगी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम वासनपानी के निवासी गेन सिंह ने कुछ समय पहले अपनी माताजी, स्व. छन्नू बाई के निधन के बाद उनका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बरगी लोक सेवा केंद्र में आवेदन किया था। मृतक के परिजनों को उम्मीद थी कि उचित प्रक्रिया के बाद उन्हें मृत्यु प्रमाण पत्र मिल जाएगा, ताकि वे आवश्यक कानूनी और सरकारी औपचारिकताएं पूरी कर सकें।

परिजनों का आरोप-जिम्मेदार कौन
जब गेन सिंह ने लोक सेवा केंद्र से प्रमाण पत्र प्राप्त किया, तो वे सन्न रह गए। केंद्र के कर्मचारियों ने मृत महिला का मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के बजाय उन्हें ‘जन्म प्रमाण पत्र’ थमा दिया।
पीडि़त गेन सिंह ने बताया कि, माताजी की मृत्यु को काफी समय हो चुका है। हमने पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए मृत्यु प्रमाण पत्र मांगा था, लेकिन विभाग की घोर लापरवाही के कारण हमें जन्म प्रमाण पत्र दिया गया। इस गलती की वजह से हमें अब भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दस्तावेज सुधारने के लिए भटकना पड़ रहा है।

प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
इस घटना ने स्थानीय स्तर पर लोक सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह उठता है कि क्या आवेदनों की जाँच नहीं की जाती? एक संवेदनशील दस्तावेज जारी करते समय इतनी बड़ी चूक कैसे संभव है?
फिलहाल, पीडि़त परिवार ने इस मामले में संबंधित अधिकारियों से त्वरित सुधार की माँग की है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है और पीडि़त को कब तक सही दस्तावेज प्राप्त होता है।

इनका कहना है
यह मामला संज्ञान में आया है जाँच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।
जय सिंह धुर्वे, नायब तहसीलदार

खितौला ईसाफ बैंक डकैती का मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार, 750 ग्राम सोना बरामद

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » परिवारजनों को मृतक महिला का थमा दिया ‘जन्म प्रमाण पत्र’

Top Headlines

Live Cricket