
जबलपुर (जयलोक)। जिले के बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम सालीवाड़ा में चाकूबाजी की एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। 30 वर्षीय नमामि यादव की चाकू से घायल होने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने 108 एम्बुलेंस सेवा और बरगी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार नमामि यादव रात में घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने कथित तौर पर उन पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल नमामि खून से लथपथ सडक़ पर पड़े रहे। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन किया। परिजनों का आरोप है कि काफी इंतजार के बावजूद एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। उनका कहना है कि बाद में उन्हें बताया गया कि संबंधित एम्बुलेंस तकनीकी खराबी के कारण उपलब्ध नहीं थी। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

समय निकलता देख परिजन घायल युवक को निजी वाहन से बरगी के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे, जिसके कारण प्राथमिक उपचार के बाद युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही नमामि यादव ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। इधर बरगी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस घटना ने बरगी क्षेत्र की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या घायल को समय पर एम्बुलेंस और उपचार मिलता तो उसकी जान बच सकती थी? इसका स्पष्ट उत्तर जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल परिजनों के आरोपों की भी जांच की जानी बाकी है।


आरोपियों की तलाश में जुटी टीमें
बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे का कहना है कि आरेापियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हुई हैं। उनके परिवार वालों से भी आरोपियों के ठिकानों के बारे में पूछताछ की जा रही है। मामले का मुख्य आरोपी घनश्याम बताया जा रहा है जो फरार है।
Author: Jai Lok





