
जबलपुर (जयलोक)। रानीताल चौक फ्लाईओवर के नीचे सोमवार देर रात फायरिंग करने वाला बदमाश अब तक पुलिस गिरफ्तर से दूर है।
आरोपी का नाम कुणाल पटेल बताया जा रहा है जिसके खिलाफ पूर्व में भी अपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं जिस युवक पर फायरिंग की गई उसका नाम शिवम अग्रवाल बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कुणाल की तलाश शुरू कर दी है। लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि देर रात शिवम अग्रवाल ने पुलिस को सूचना दी कि उस पर कुणाल ने फायरिंग की है।

एक के बाद एक तीन राउंड फायर किए गए। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था। यह भी कहा जा रहा है कि आरोपी कुणाल ने पुलिस के सामने भी फायरिंग की और भाग निकला। हालांकि थाना प्रभारी इस बात से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब पुलिस की टीम पहुँची तब तक आरोपी कुणाल भाग चुका था। शिवम ने पुलिस को बताया कि कुणाल ने उस पर फायरिंग की तो वह झुक गया जिससे गोली पास से गुजर गई।

यह पूरा मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस कुणाल की गिरफ्तारी के लिए उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं सीसीटीवी फुटेज की जाँच भी की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि पूरा मामला क्या है।


कोतवाली में गिरा मकान का छज्जा, एक युवक घायल, पुराना और जर्जर हालत में था मकान
Author: Jai Lok






