
बड़वानी। खरगोन-बड़वानी से सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कालिका माता मंदिर परिसर में आयोजित एक बैठक के दौरान हम दो-हमारे पांच का नारा दिया। सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि जनसंख्या का संतुलन बिगडऩे पर हिंदू समाज अल्पसंख्यक बन सकता है। उन्होंने प्रत्येक हिंदू परिवार से कम से कम पांच बच्चे पैदा करने का आह्वान किया। शुक्रवार रात को नवरात्र के उपरांत होने वाले भंडारे की तैयारियों को लेकर आयोजित इस बैठक में कांग्रेस विधायक राजन मंडलोई, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने युवाओं को सही उम्र में विवाह करने और अपने परिवार का विस्तार करने का परामर्श दिया।
सांसद पटेल ने अपने संबोधन के दौरान जन्म दर से जुड़े आंकड़ों का भी संदर्भ प्रस्तुत किया। सांसद पटेल ने युवाओं को अपने परिवार और मोहल्ले की ताकत को एकजुट करने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं से जिम जाने के बजाय योग अपनाने और अखाड़ों में कसरत करने का आग्रह किया। पटेल के अनुसार अखाड़ों के प्रोत्साहन से युवाओं में शारीरिक सामर्थ्य के साथ-साथ आत्मरक्षा की क्षमता भी विकसित होगी।
इसके अतिरिक्त उन्होंने दहेज प्रथा और मदिरापान जैसी कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाने पर बल दिया। सांसद ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अनुशासित और आरोग्यपूर्ण जीवनशैली अपनाने की अपील की।
महाकौशल पत्रकारिता पुरस्कार से परितोष वर्मा कल होंगे सम्मानित
Author: Jai Lok






